हसनपुर में तेंदुए ने बकरे पर किया हमला
हसनपुर तहसील क्षेत्र के सकतपुर गांव में तेंदुए ने किसान के घर में घुसकर बकरे पर हमला कर घायल कर दिया।
हसनपुर : तहसील क्षेत्र के सकतपुर गांव में तेंदुए ने किसान के घर में घुसकर बकरे पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया।
गांव निवासी शकील अहमद का घर गांव के बाहरी छोर पर है। रात में तेंदुए ने घुसकर बकरे पर हमला कर जख्मी कर दिया। बकरियों के मिमियाने पर गांव में शोर मचा तो तेंदुआ भाग गया। भदौरा गांव के नजदीक एक खेत में गीदड़ का खाया हुआ शव बरामद हुआ है। लोगों ने नजदीक में तेंदुए के पंजों के निशान होने का दावा किया है। मामलों की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को देहरी खादर गांव में खेत पर काम करने गई महिला तेंदुए को देखकर बेहोश हो गई थी। जबकि सोमवार देररात इसी गांव में तेंदुआ एक किसान के मकान की छत पर देखा गया है। 30 जून को गांव में तेंदुए के हमले में किसान की बेटी जलधारा 18 वर्ष की मौत हो गई थी। मंगलवार को तेंदुआ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने एकत्र होकर खेतों में तेंदुए की तलाश की थी। इस दौरान लोगों को धान के खेत में तेंदुए के पंजों के चिह्न दिखाई दिए थे।
क्षेत्रीय वनाधिकारी सुभाष चौधरी का कहना है कि तेंदुए द्वारा गीदड़ को मारने की सूचना भदौरा गांव से प्राप्त हुई है। जरूरी नहीं कि तेंदुए ने ही गीदड़ को मारा हो। दूसरे जानवर भी गीदड़ का शिकार कर लेते हैं।