कांकाठेर में बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर लूटा
गांव कांकाठेर में दो बदमाशों ने एक मकान को निशान बनाकर उसमें सो रही महिला को बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट कर आभूषण सहित एक लाख रुपये का माल लूटकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में खलबली मच गई। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है।
जागरण संवाददाता, कांकाठेर: गांव कांकाठेर में दो बदमाशों ने एक मकान को निशान बनाकर उसमें सो रही महिला को बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट कर आभूषण सहित एक लाख रुपये का माल लूटकर फरार हो गए। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। गांव निवासी डालचंद प्रजापति खेती करते हैं। सोमवार की रात करीब दो बजे वह अपने घेर में सो रहे थे और उनकी पत्नी दयावती घर के बरामदे में सो रही थी। आरोप है कि मुख्य गेट से घर में घुसे दो बदमाश कमरे में जाकर सामान खंगालने लगे। आवाज सुनाई देने पर महिला जैसे ही अंदर कमरे में पहुंची तो दोनों बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और गर्दन पर चाकू रख दिया। उसके दोनों हाथ साड़ी से बांध दिए और कानों के कुंडल व नाक की लोंग, 44 लीटर मैंथा तेल सहित लगभग एक लाख रुपये का सामान लूट लिया। महिला ने शोर मचाने का प्रयास किया तो उसे मुंह में कपड़ा ठूस दिया। घटना को अंजाम देने के बाद जाते समय बदमाश महिला के हाथ खोलकर फरार हो गए। इसके बाद शोरशराबा सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों बदमाशों की तलाश में खेतों में कांबिग भी की। लेकिन, कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित परिवार ने मामले की तहरीर ब्रजघाट पुलिस चौकी पर दे दी है। प्रभारी निरीक्षक डीके शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं हुई है। वह ब्रजघाट चौकी पुलिस से मामले की जानकारी कर रहे हैं।
बच्चे को डांटने पर दो पक्षों में मारपीट, लूटपाट का आरोप
गजरौला,जासं: गांव बिजौरा में बच्चे को डांटने पर दो पक्षों में मारपीट होने से पांच लोग घायल हो गए। एक पक्ष द्वारा मारपीट के दौरान लूटपाट करने का भी आरोप लगाया है। दोनों ने थाने में तहरीर दे दी है। गांव निवासी इंसाद अली की पत्नी मोमीना का कहना है कि पड़ोसी बुनियाद के बेटे ने उसके भांजे को पीट दिया। इस बात पर उसे डांटने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद इंसाद व बुनियाद पक्ष के लोगों में मारपीट में एक पक्ष के बुनियाद व उसकी पत्नी मेसर जहां घायल हो गई। जबकि दूसरे पक्ष से मोमीना, उसकी बेटी मोसीना व निशा घायल हो गईं। बुनियाद की पत्नी का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट के दौरान उसके कानों के कुंडल, नाक की लोंग इत्यादि भी लूट ली। दोनों पक्षों के लोग घायलावस्था में थाने पहुंच गए। एसएसआइ प्रमोद पाठक ने दोनों पक्षों से मामले की जानकारी लेकर उन्हें मेडिकल के लिए भेज दिया। हालांकि खबर लिखे जाने तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। एसएसआइ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।