गजरौला में पकड़ी अवैध शस्त्र फैक्ट्री
अमरोहा मुखबिर की सूचना पर गजरौला पुलिस ने जंगल में संचालित अवैध शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी है।
अमरोहा: मुखबिर की सूचना पर गजरौला पुलिस ने जंगल में संचालित अवैध शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी है। मौके से दो आरोपित भी गिरफ्तार किए हैं। उनके कब्जे से बने-अधबने शस्त्र व उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी।
गुरुवार रात प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह को सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद के जंगल स्थित एक पुराने मकान में कुछ लोग अवैध शस्त्र बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना मिलने पर उन्होंने पुलिस बल साथ लिया तथा छापा मार दिया। उनके साथ सर्विलांस प्रभारी मोहित चौधरी भी अपनी टीम के साथ रहे। वहां दो लोग अवैध शस्त्र बना रहे थे। पुलिस को देख कर भागने की कोशिश की तो घेराबंदी कर दबोच लिया गया। मौके से 17 तैयार तमंचे, दो अधबनी रिवाल्वर समेत छह अधबने शस्त्र व उपकरण बरामद हुए।
आरोपितों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने नाम हरपाल सिंह निवासी मालीपुरा थाना आदमपुर व मनोज उर्फ टेढ़ा निवासी मुहल्ला नाईपुरा थाना गजरौला बताए। शुक्रवार को एसपी डॉ. विपिन ताडा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया इनको जेल भेज दिया गया है। उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।