चुनाव : बसपा ने तीन प्रत्याशियों के नाम पर लगाई मुहर
जेएनएन अमरोहा विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने शनिवार को सूची जारी की है। इसमें हसनपुर ि
जेएनएन, अमरोहा : विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने शनिवार को सूची जारी की है। इसमें हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से फिरे सिंह गुर्जर, मंडी धनौरा सुरक्षित विधानसभा से हरपाल सिंह तथा नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र से हसनपुर के चेयरमैन पति शादाब टाटा को टिकट दिया गया है। टिकट की घोषणा होते ही उनके समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
जनपद गौतमबुद्धनगर के सेक्टर 168 छपरौली बांगर निवासी फिरेराम उर्फ फिरे सिंह गुर्जर शिक्षा में हाईस्कूल हैं। वह पिछले 16 साल से बसपा संगठन में कार्य कर रहे हैं। दो बार मंडल कोआर्डिनेटर तथा जिला प्रभारी रह चुके हैं। वहीं, हसनपुर निवासी शादाब टाटा नगर पालिका परिषद हसनपुर में सभासद रह चुके हैं। मौजूदा समय में शादाब टाटा की पत्नी नीलम शादाब हसनपुर नगर पालिका की चेयरमैन हैं। शादाब शिक्षा में स्नातक हैं। विधानसभा चुनाव में वह पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं। ऐसे ही भाजपा से वर्ष 2007 में गंगेश्वरी विधानसभा से विधायक रहे एवं गजरौला नगर पालिका के चेयरमैन भी रह चुके हरपाल सिंह को मंडी धनौरा सुरक्षित विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया है। वह राष्ट्रीय लोक दल पार्टी में भी थे। इसके बाद उन्होंने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। शनिवार को पार्टी हाईकमान से प्रत्याशियों की सूची जारी की गई तो मंडी धनौरा विधानसभा से हरपाल सिंह का नाम घोषित किया गया। बसपा के जिलाध्यक्ष सोमपाल सिंह ने सभी प्रत्याशियों को घोषित करने की पुष्टि की है।
बहुजन समाज पार्टी द्वारा अमरोहा सदर सीट से नगर के ही मुहल्ला लकड़ा निवासी नवैद अयाज को प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि पूर्व में यहां से पार्टी ने पूर्व विधायक मोहम्मद आकिल उर्फ मुन्ना मियां के बेटे कामिल पाशा को प्रत्याशी बनाया था। परंतु बाद में उनका टिकट काट कर पूर्व विधायक हाजी हयात के भतीजे नवैद अयाज को प्रत्याशी बनाया है। नवैद अयाज 2012 में भी अमरोहा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं।