अमरोहा में पांच किसानों ने और जलाईं गन्ने की पत्ती
अमरोहा शनिवार की रात फिर जनपद में किसानों ने गन्ने की पत्ती जलाई। सेटेलाइट के जरिए यह मामला पकड़ गया।
अमरोहा : शनिवार की रात फिर जनपद में किसानों ने गन्ने की पत्ती जलाई। सेटेलाइट के जरिए अमरोहा सदर तहसील क्षेत्र में पांच जगह पत्ती जलना पाया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद दिल्ली से जिलाधिकारी को मिली सूचना के बाद अफसर गंभीर हो गए और जांच-पड़ताल की कार्रवाई शुरू कर दी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में अगली कार्रवाई होगी।
प्रदूषण की रोकथाम के लिए एनजीटी ने पराली, गन्ने की पत्ती या फिर अन्य कोई फसल अवशेष जलाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस पर सरकार भी सख्त है। पराली व गन्ने की पत्ती जलाने की घटनाओं पर उसके द्वारा सेटेलाइट के जरिए नजर रखी जा रही है। शनिवार की रात फिर अमरोहा तहसील क्षेत्र में पांच जगह गन्ने की पत्ती जलाई गईं।
सेटेलाइट द्वारा पकड़ी गई इन घटनाओं की जानकारी भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने जिलाधिकारी उमेश मिश्र को देकर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कृषि विभाग के अफसरों को अवगत कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने पांच कर्मचारियों को जांच के कार्य में लगाया है। इधर इन पांच घटनाओं को मिलाकर अब तक जनपद में पराली व गन्ने की पत्ती जलाने के दस केस हो गए हैं। दिल्ली से पांच स्थानों पर गन्ने की पत्ती जलाने की सूचना मिली है। इस पर पांच कर्मचारियों को जांच के लिए लगाया गया है। पत्ती जलाई है या फिर अन्य अवशेष, इसकी जांच हो रही है। बाद में किसानों पर कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
राजीव कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी।