चुनावी रंजिश में मारपीट व फायरिग, दो घायल
जोया चुनावी रंजिश के चलते सोमवार देर रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। पथराव किया गया।
जोया : चुनावी रंजिश के चलते सोमवार देर रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। पथराव किया गया। फायरिग का भी आरोप है। एक दूसरे के घरों में घुसकर मारपीट की गई। घटना में दो लोग घायल हुए हैं। इन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 23 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया चमन की है। इन दिनों गांव में पंचायत चुनाव की चर्चा चल रही हैं। इसी के चलते सोमवार देर रात पूर्व प्रधान रईस आलम व रियाज आलम के पक्ष में विवाद हो गया। बताते हैं रास्ते में निकल कर जा रहे रियाज के भतीजे जकी से कुछ कहासुनी हुई थी। उसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए।
मारपीट शुरू हो गई। पथराव भी हुआ। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगो ने एक दूसरे के घरों में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की। एक युवक को बंधक बनाने का आरोप भी है। बवाल की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा हालात पर काबू पाया। इस घटना में दोनों पक्षों की तरफ से जकी व कमरे आलम घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों का उपचार सरकारी अस्पताल में कराया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया रियाज की तहरीर पर रईस, कमरे, नासिर, नदीम, नईम, हसीब व मुजीब के खिलाफ तथा रईस की तहरीर पर रियाज, जकी, रजी, सनी, फैजल, फैसल, अतहर, कादिर, अली, उबैद, सुहैल, आमिर, साकिब, शाहनवाज, आशकार व इंतेखाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव का माहौल शांत है। आरोपितों को जल्दी ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।