प्रतिबंध हटने के बाद बाजार में उमड़ी भीड़
अमरोहा दो दिन के प्रतिबंध के बाद सोमवार को बाजार खुलने पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। सु
अमरोहा : दो दिन के प्रतिबंध के बाद सोमवार को बाजार खुलने पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। सुबह से लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और लोगों को समझाया, कार्रवाई भी की।
प्रदेश सरकार ने कोरोना की चेन तोड़ने के लिए शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक प्रतिबंध लागू किया था। इन दो दिन पुलिस जिलेभर में मुस्तैद रही तथा लोगों को घरों से नहीं निकलने दिया। बाजार, सड़कें सूने रहे। सोमवार सुबह प्रतिबंध खत्म होने पर जैसे ही बाजार खुले तो खरीदारी करने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। सड़कों पर भी वाहनों की तादाद बढ़ गई।
भीड़ बढ़ती देखकर पुलिस भी अलर्ट हो गई। लोगों को शारीरिक दूरी नियम का पालन करने के प्रति जागरूक किया। अमरोहा नगर में प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह, जोया में शरद मलिक व नौगावां सादात में प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बाजार में घूम कर हालात पर नजर रखी। चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात रहा तथा नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।