खाकी को जकड़ने लगा कोरोना, अब दारोगा भी पॉजिटिव
गजरौला औद्योगिक नगरी में अब कोरोना वायरस खाकी को भी जकड़ने लगा है।
गजरौला : औद्योगिक नगरी में अब कोरोना वायरस खाकी को भी जकड़ने लगा है। पहले महिला सिपाही संक्रमित निकली तो अब ब्रजघाट चौकी प्रभारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। थाने की आवासीय कालोनी को सील करते हुए प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। वहीं ब्रज्रघाट चौकी को सील करने की तैयारी चल रही है।
शुक्रवार को स्थानीय थाने के कार्यालय में तैनात ऑपरेटर महिला सिपाही की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को थाने के एसएसआइ, ब्रजघाट चौकी प्रभारी समेत लगभग 35 पुलिस कर्मियों की रेपिड एंटीजन किट से जांच की। दोपहर में इन सभी में ब्रजघाट चौकी प्रभारी को छोड़कर सबकी निगेटिव आई। सिर्फ चौकी प्रभारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे महकमे में फिर से हलचल मच गई।
उधर, महिला सिपाही पॉजिटिव आने के बाद थाने की आवासीय कालोनी व प्रवेश वर्जित करते हुए मुख्य गेट पर टैंट लगवाकर पुलिस कर्मियों को बैठा दिया गया है। वहां ही फरियादियों की समस्या सुनीं जाएंगी। थाने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के हाथ सैनिटाइज व थर्मल स्क्रीनिग की जा रही है। चौकी प्रभारी पॉजिटिव आने के बाद चौकी को भी सील करने की तैयारी की जा रही है। वहां के स्टाफ के भी नमूने लिए जाएंगे।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिला पुलिस कर्मी के बाद ब्रजघाट चौकी प्रभारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।