कोरोना संक्रमण रोकने में सीएम ने प्रधानों से मांगा सहयोग
अमरोहा शुक्रवार की शाम साढ़े तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेसिग के जरिये प्रधानों से बात की।
अमरोहा: शुक्रवार की शाम साढ़े तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेसिग के जरिए जनपद के नव निर्वाचित प्रधानों से कोरोना महामारी को रोकने में सहयोग की अपील की। इसके अलावा गांव के विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सुबह से ही मुख्यमंत्री की वीसी को लेकर ग्राम प्रधान उत्साहित थे। 3:30 बजे सभी को ग्राम पंचायतों में मौजूद कर्मचारियों ने सीएम की वीडियो कांफ्रेसिग से जोड़ने का कार्य किया। इस बीच सीएम ने सबसे पहले सूबे में चयनित किए गए दस ग्राम प्रधानों से संवाद कायम किया। इसके बाद उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर की रोकथाम के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। इसके पश्चात सभी ग्राम प्रधानों से कहा कि गांव में साफ-सफाई कराएं। सैनिटाइजेशन कराएं। कोई अगर आसपास में बुखार आदि से पीड़ित है तो उसकी कोरोना जांच अवश्य कराएं। यह हम सबकी जिम्मेदारी है। इसको ईमानदारी के साथ निभाएं।
गांव अव्वलपुर निवासी प्रधान संतोष देवी व अहरोई निवासी प्रधान अनिल कुमार ने अपनी पंचायत में ही वीडियो कांफ्रेसिग के जरिए मुख्यमंत्री की बातों को सुना और अमल करने की बात कही। इधर एनआईसी में जिलाधकारी उमेश मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ल व जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा वीडियो कांफ्रेसिग से जुड़े और उनके पूरे संबोधन आदि को सुना। जनपद में 597 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से 335 प्रधानों ने शपथ ली है। एक प्रधान जेल में होने के कारण शपथ नहीं ले पाया। 261 प्रधान ऐसे हैं जिनकी ग्राम पंचायत में सदस्यों का कोरम पूरा नहीं है। इसलिए उनको शपथ नहीं हो पाई है। आज मुख्यमंत्री से सभी प्रधानों को वीडियो कांफ्रेसिग से जोड़ा गया। इसके लिए एक-एक कर्मचारी ग्राम पंचायतों में भेजा गया था।
वाचस्पति झा, डीपीआरओ।