ईदुल जुहा पर नगर में सफाई, पेयजल व्यवस्था रहेगी दुरुस्त
अमरोहा नगर में ईदुल जुहा के मद्देनजर निर्बाध पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहेगी।
अमरोहा : नगर में ईदुल जुहा के मद्देनजर निर्बाध पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहेगी। किसी प्रकार समस्या होने पर पालिका के कंट्रोल रूम में संपर्क कर सकता है। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मी तुरंत समस्या का समाधान करेंगे। पालिका प्रशासन ने कंट्रोल रूम में सफाई निरीक्षकों समेत छह कर्मियों की डयूटी लगाई है।
ईदुल जुहा एक अगस्त को प्रस्तावित है। इसको लेकर पालिका प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। ईओ मणि भूषण तिवारी ने नगर में सफाई निरीक्षकों और कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि नगर में सफाई का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाए। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने नगर में पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए जेनरेटरों की व्यवस्था की गई है। बिजली नहीं आने पर जेनरेटर चलाकर पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। जहां पेयजल आपूर्ति नहीं पहुंच रही है। वहां टेंकरों से पानी पहुंचाया जाएगा। वहीं मुख्यमार्गों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
ईओ मणि भूषण तिवारी ने बताया कि लोगों की समस्या का समाधान के लिए पालिका में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसमें सफाई निरीक्षक मुहम्मद इल्तजा, जगत सिंह, वैशाली सोती, साजिद जिया, हरिओम कुमार और शाने इमरान की ड्यूटी लगाई गई है। किसी को कोई परेशानी है तो इनके मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकता है।