रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर पटेल ने किया अखंड भारत का निर्माण
जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने कहा कि सरदार पटेल न होते तो अखंड भारत कासपना साकार न होता।
जागरण संवाददाता, अमरोहा: जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने कहा कि सरदार पटेल न होते तो भारत के अखंड राष्ट्र का स्वरूप आज हमारे सामने न होता। देश की आजादी के समय छोटे-छोटे राजा, रजवाड़े, रियासतें आदि अलग थे। जिन्हें एकता के सूत्र में पटेल ने पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। वह शनिवार की सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट सभागार में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय अखंडता दिवस के रूप में मनाने के लिए आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के समय साफ कह दिया था कि सभी रियासतें भारत में विलय होंगी और उनका एक संविधान होगा। उनकी ²ढ़ इच्छाशक्ति और कार्यक्षमता का ही फल है कि हम विशाल देश में निवास कर रहे हैं। यह अखंड भारत सरदार पटेल की देन है। जिसकी एकता, अखंडता को हम सभी ने बनाए रखना है। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाये रखने के लिये स्वयं को समर्पित करने और देश की आंतरिक सुरक्षा में अपना योगदान सुनिश्चित करने की सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई। अपर जिलाधिकारी विनय कुमार जी ने कहा कि सरदार पटेल देश के प्रथम गृह मंत्री थे और उन्होंने 565 से अधिक रियासतों को मिलाकर मजबूत और अखंड भारत का निर्माण किया। इस दौरान सभी उपजिलाधिकारी व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।