विधानसभा उपचुनाव: छह जोन व 39 सेक्टरों में बंटा जिला, हर जोन व सेक्टर के लिए प्रशासन ने की मजिस्ट्रेटों की तैनाती
अमरोहा नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की तैयारियों को प्रशासन धीरे-धीरे अंजाम तक पहुंचा रहा है। उसके द्वारा विस क्षेत्र को छह जोन व 39 सेक्टरों में बांटा गया है। बूथों के निरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसके अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की निगरानी में ईवीएम की जांच की जा रही है।
जागरण संवाददाता, अमरोहा: नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की तैयारियों को प्रशासन धीरे-धीरे अंजाम तक पहुंचा रहा है। उसके द्वारा विस क्षेत्र को छह जोन व 39 सेक्टरों में बांटा गया है। बूथों के निरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसके अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की निगरानी में ईवीएम की जांच की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान नौगावां विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उनकी मौत के बाद यह सीट खाली हो गई है। शासन उस पर उपचुनाव कराने की तैयारी में जुटा है। हालांकि, अभी अधिसूचना जारी नहीं हुई है लेकिन, शासन के निर्देश पर प्रशासन चुनाव संबंधी हर कार्रवाई को मुकम्मल करने में लगा है। धीरे-धीरे उसके द्वारा एक-एक काम को पूरा किया जा रहा है। अब उसने जोन व सेक्टरों का निर्धारण कर दिया है। अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि विस क्षेत्र को छह जोन व 39 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी के मजिस्ट्रेट भी नामित कर दिए गए हैं।
सम्भल से आईं 230 ईवीएम, जांच शुरू : जनपद में उपचुनाव ईवीएम से कराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन कलेक्ट्रेट परिसर में रखी ईवीएम की जांच करा रहा है। चुनाव कराने के लिए उसने 230 ईवीएम सम्भल जनपद से मंगाई हैं। अब उनकी संख्या 1130 हो गई है। हर मशीन की जांच राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने हो रही है ताकि, कोई भी दल मशीनों में गड़बड़ी न बता सके।
एसडीएम को बूथों पर जाने के लिए सही नहीं मिला रास्ता : उपजिलाधिकारी सदर शशांक चौधरी ने शनिवार की दोपहर तहसील क्षेत्र के गांव दाऊसराय, पंजू सराय, जलालपुर नरायन में जाकर नौगावां सादात विधानसभा उपचुनाव संपन्न कराने के लिए बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। यहां मतदाताओं के जाने के लिए रास्ता ठीक नहीं था। जिस पर उन्होंने ग्राम प्रधान से उसको सही कराने के निर्देश दिए।