कंजरबसेडा हत्याकांड में पुलिस चला रही अंधेरे में तीर
मंडी धनौरा कंजर बसेडा में महिला हत्या में अभी कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
मंडी धनौरा : कंजर बसेडा में महिला हत्या में अभी कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। वह अंधेरे में ही तीर चलाते हुए हत्यारों तक पहुंचने का रास्ता तलाश रही है।
गांव कंजरबसेड़ा निवासी छतर सिंह की पत्नी चायना की मंगलवार को सुबह उस समय हत्या कर दी गई। जब उसका पति खेत से चारा लेने के लिए गया हुआ था। वह अकेली थी। पति खेत से वापस लौटा तो उसकी पत्नी का रक्त रंजित शव उसके कमरे में पड़ा मिला था। पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा, अपर पुलिस अधीक्षक एपी सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी आदि ने भी मौका मुआयना कर अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए थे। देर शाम पुलिस ने शीशपाल सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया था।
परिजनों ने किसी भी व्यक्ति से दुश्मनी नहीं होने की जानकारी देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस अब कई बिदुओं को लेकर जांच कर रही है। 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद अभी पुलिस किसी एक नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। प्रभारी निरीक्षक अरविद कुमार का कहना है कि घटना को लेकर कई बिदुओं पर जांच की जा रही है, कुछ तथ्य सामने आए हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। शीघ्र ही हम घटना का पर्दाफाश कर लेंगे।