मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी घायल, सिपाही के भी गोली लगी
अमरोहा चेकिग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिग कर दी।
अमरोहा : चेकिग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिग कर दी। इसमें गोली लगने से सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पीछा किया तो गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा। देर रात तक पुलिस जंगल में कांबिग कर रही थी। घायल सिपाही व बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी डॉ. विपिन ताडा ने घटना स्थल व जिला अस्पताल पहुंच कर घटना की जानकारी ली।
यह घटना रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे की है। आइजी के आदेश पर चेकिग अभियान चल रहा था। डिडौली प्रभारी निरीक्षक शरद मलिक हमराह के साथ जोया- सम्भल मार्ग पर जिले के बार्डर स्थित कपासी चौकी पर वाहन चेकिग कर रहे थे। इस दौरान सम्भल की तरफ से आ रही बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की तो उनमें से पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिग कर दी। एक के बाद एक फायर किए तथा भाग निकले। एक गोली सिपाही टिकू चौधरी को लगी तथा वह घायल हो गए।
फायरिग होते ही प्रभारी निरीक्षक व अन्य स्टाफ ने भी मोर्चा सम्भाल लिया तथा बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। बदमाशों ने बाइक भीकनपुर मूंढ़ा की तरफ मोड़ दी। वहां जंगल में जाकर वह बाइक छोड़ कर भागने लगे। जवाबी फायरिग करते हुए पुलिस भी पीछे लग गई। इस दौरान एक बदमाश को गोली लग गई। जबकि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा। फौरन ही घायल सिपाही व बदमाश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि पुलिस टीम फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए देर रात तक जंगल में कांबिग करती रही।
मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसपी डॉ. विपिन ताडा पहले घटना स्थल पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली तथा बाद में जिला अस्पताल पहुंच कर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश की शिनाख्त दाऊद निवासी नीमखेड़ी वजेड़ा थाना नखासा जनपद सम्भल के रूप में हुई है। वह देहात थाने से 25 हजार रुपये का ईनामी भी है। बीते साल डकैती के मामले में जेल भी भेजा गया था। उन्होंने बताया दाऊद के खिलाफ लूट, चोरी, गोकशी, डकैती व गैंगस्टर एक्ट समेट लगभग 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दिल्ली व मुरादाबाद के मुकदमे भी शामिल हैं।