डग्गामार बस व ट्रेलर में भिड़ंत, बिहार के 15 मजदूर घायल
गजरौला (अमरोहा) हाईवे पर कट पर मुड़ते समय डग्गामार बस में सामान लदे एक ट्रेलर ने टक्क र मार दी।
गजरौला (अमरोहा) : हाईवे पर कट पर मुड़ते समय डग्गामार बस में सामान लदे एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार बिहार के लगभग 15 मजदूर घायल हो गए। वही हाईवे पर दोनों दिशाओं में पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवा कर यातायात सुचारू कराया।
हादसा शनिवार की सुबह 11 बजे का है। पंजाब के मोगा से 110 मजदूर डग्गामार बस में सवार होकर बिहार जा रहे थे। गजरौला में हाईवे पर गांव ख्यालीपुर ढाल के पास कट से मुड़कर बस एक होटल पर जा रही थी। इस दौरान मुरादाबाद दिशा से जा रहे सामान लदे ट्रेलर ने बस में टक्कर मार दी।
हादसे में बस सवार बिहार के जिला पूर्णिया व भागलपुर के लगभग 15 मजदूर चोटिल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मचते ही आसपास के लोगों की काफी संख्या में भीड़ जुट गई। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। वही दोनों क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े होने की वजह से मुरादाबाद व दिल्ली दिशा में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोनों दिशाओं में पांच-पांच किमी दूरी तक वाहनों की कतार पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन के माध्यम से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा कर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। ऐसे में करीब एक घंटे से अधिक जाम की समस्या बनी रही।
ब्रजघाट चौकी प्रभारी मोहित बालियान ने बताया कि डग्गामार बस में मुड़ते समय ट्रेलर ने टक्कर मार है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहन पुलिस के कब्जे में है। यातायात व्यवस्था भी सुचारू करवा दी गई। कुछ लोग मामूली रूप से चोटिल हुए थे।