138 गर्भवती के अल्ट्रासाउंड, शारीरिक दूरियां हुईं धड़ाम
गजरौला नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जांच एवं निशुल्क अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए गर्भवती पहुंचीं।
गजरौला : नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जांच एवं निशुल्क अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए गर्भवती महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में पूरे दिन अस्पताल में शारीरिक दूरियां भी धड़ाम हुईं। वहीं महिला चिकित्सक ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानी और खान-पान के बारे में जानकारी दी।
हर महीने की 9 तारीख को नगर स्थित सीएचसी में गर्भवती महिलाओं की जांच एवं निशुल्क अल्ट्रासाउंड कराया जाता है। इसी क्रम में बुधवार को महिला चिकित्सक डॉ.पल्लवी गंगवार व सीनियर स्टाफ नर्स प्रेगम ने गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानी और उचित खान-पान के बारे में जानकारी दी। दिन भर में 138 महिलाओं ने निशुल्क अल्ट्रासांउड कराए। वही पूरे दिन सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की भीड़ भाड़ बनी रही। इसमें शारीरिक दूरियों का भी ख्याल नहीं रखा गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ.योगेन्द्र सिंह ने भी गर्भवती महिलाओं की जांच व अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था देखी।
69 महिला-पुरुषों ने अपनी नसबंदी कराई
अमरोहा : नसबंदी पखवाड़ा अभियान के तहत 69 महिला-पुरुषों ने परिवार नियोजन अपनाकर अपनी नसंबदी कराई। इनमें तीन पुरुष शामिल हैं।
स्वास्थ्य महकमे ने शासन के निर्देश पर महिला-पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए जिलेभर में 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक नसबंदी पखवाड़ा अभियान चलाया गया था। इसमें आशाओं और एएनएम को घर- घर दस्तक देकर नसबंदी कराने वाले महिला-पुरुष को चिह्नित करने के निर्देश दिए थे। परिवार नियोजन अपनाने वाले 69 महिला-पुरुषों को चिह्नित कर उनका रजिस्ट्रेशन कराया। सभी ने परिवार नियोजन अपनाकर नसबंदी कराई गईं। नसबंदी कराने वालों में तीन पुरुष शामिल हैं। सीएमओ डॉ. सौभाग्य प्रकाश ने बताया नसबंदी पखवाड़ा अभियान के तहत जिले में 69 महिला-पुरुषों ने अपनी नसबंदी कराई हैं।