बीएसएफ जवान के घर से नकदी समेत 10 लाख की चोरी
अमरोहा चोरों ने बीएसएफ जवान के घर के ताले तोड़ कर 10 हजार की नकदी समेत लगभग 10 लाख का माल ले गए।
अमरोहा : चोरों ने बीएसएफ जवान के घर के ताले तोड़ कर 10 हजार की नकदी समेत लगभग 10 लाख का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है।
चोरी की यह घटना देहात थाना क्षेत्र के गांव कैलसा बार्डर की है। मूल रूप से क्षेत्र के गांव शेखुपुरा निवासी नन्हें सिंह बीएसएफ में जवान हैं तथा उनकी तैनाती गुजरात में हैं। पत्नी संतोष देवी व दो बेटी साथ ही रहती हैं। जबकि इकलौता बेटा महेश कुमार गांव में ही चाचा चरन सिंह के साथ रहता है। नन्हें सिंह का एक मकान कैलसा बार्डर गांव में भी है। अधिकांशत: नन्हें सिंह का परिवार कैलसा बार्डर के मकान में ही रुकता है। यहां रेलवे में कर्मी प्रेम बल्लभ जोशी किराए पर रहते हैं।
सोमवार को महेश कुमार अपने चाचा के घर गया था। रात भी वहीं रुक गया। जबकि प्रेम बल्लभ जोशी रात को ड्यूटी पर चले गए थे। मकान पर ताला लगा था। किसी समय चोरों ने मकान का ताला तोड़ लिया तथा घर में दाखिल हो गए। यहां से चोर 10 हजार की नकदी, सोना चांदी के जेवरात, बेटरी, इन्वर्टर समेत लगभग 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह को उस समय हुई जब प्रेम बल्लभ जोशी घर वापस लौटे। सूचना मिलने पर महेश कुमार भी घर आ गया।
थाना पुलिस ने घटना की जानकारी ली। गृह स्वामी ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी सुरेश गौतम ने बताया जांच की जा रही है।