श्री राम के नाम में डूबी अमेठी
गौरीगंज (अमेठी) सोमवार की सुबह से शहर की हवा पूरी तरह से भक्तिमय रही तो कथा स्थल के
अमेठी: सोमवार की सुबह से शहर की हवा पूरी तरह से भक्तिमय रही तो कथा स्थल के साथ पूरा शहर भगवामय रहा। शहर के श्री रणजंय इंटर कालेज के मैदान में सुर-लय के साथ दिव्य श्रीराम कथा का गान शुरू होने के पहले भव्य कलश यात्रा पूरे विधि विधान से निकली। कथा स्थल से बूढन माता धाम मंदिर तक कलश यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। लोगों ने पुष्प वर्षा की तो शहर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहे। यात्रा में श्री चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य भी शामिल हुए।
कथा स्थल से सुबह 11 बजे के करीब कलश यात्रा निकली। हाथी, घोड़ा व बैंड बाजे के साथ सिर पर कलश रखी हजारों महिलाएं और उनके पीछे जन समूह चल रहा था। श्री चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य भी कथा के यजमान कृष्ण कुमार त्रिपाठी, पं.जगदंबा प्रसाद त्रिपाठी मनीषी व सरला त्रिपाठी तथा राम बहोर मिश्र के साथ रथ पर सवार होकर निकले तो उनकी एक झलक के दर्शन को पूरा शहर सड़क पर आ गया। श्री राम कथा के आयोजक डॉ. अनिल त्रिपाठी व प्रकाश मिश्र के साथ श्रद्धालु डीएम आवास, चौक बाजार होते हुए बूढ़न माता मंदिर पहुंचा। मंदिर में मां की दर पर माथा टेकने के बाद यात्रा रघ्घुपुर बाईपास से होते हुए अमेठी रोड़ पर पहुंची। मीरा मंदिर व हनुमान तिराहा होते हुए श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे।
-एडीएम व एएसपी ने संभाल रखी थी सुरक्षा की कमान
कलश यात्रा में भारी भीड़ के चलते पहले ही शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को रोक दिया गया था। दो सीओ, आधा दर्जन थानेदार, पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ एडीएम सुशील प्रताप सिंह व एएसपी दयाराम सरोज ने सुरक्षा की कमान संभाल रखी थी।
- जगह-जगह हुआ स्वागत
कलश यात्रा का शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। कदम-कदम पर श्रद्धालुओं के लिए शर्बत व जलपान की व्यवस्था की गई थी।