व्यापारियों ने शुरू किया अतिक्रमण हटाओ अभियान
विरोध को देखते हुए प्रशासन की ओर से अतिक्रमण अभियान बंद कर दिया गया था।
अमेठी : ककवा मार्ग पर व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। व्यापारियों की मांग है कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने के लिए कम से कम तीन माह का समय दे। मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन की ओर से कवायद शुरू किए जाने पर व्यापारियों ने चार दिन पूर्व विरोध जताया था। विरोध को देखते हुए प्रशासन की ओर से अतिक्रमण अभियान बंद कर दिया गया था।
व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने के लिए कोई तारीख तह नहीं की थी। हम लोगों को महज नोटिस भेज दिया गया था, जिसके साथ तारीख भी अंकित होनी चाहिए थी। इससे हम लोग अतिक्रमण हटाने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहते। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज किए जाने पर व्यापारी भी सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को साप्ताहिक बंदी होने के कारण इस कार्य को व्यापारियों ने तेज कर दिया है। चिह्नित स्थल पर पिलर बनाकर आगे के हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है।
सोनू कसौंधन ने बताया कि हम लोग शुरुआत से ही पूरा सहयोग कर रहे हैं। नोटिस में अतिक्रमण हटाने की तारीख नहीं देना गलत है। सभी लोग अतिक्रमण स्वयं हटा रहे हैं। हमको कम से कम तीन माह की मोहलत दी जाए।
अनूप अग्रवाल नगर अध्यक्ष
व्यापार मंडल अमेठी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए एक निर्धारित मानक नहीं रखा गया है। इस भ्रम को दूर किया जाए, बिजली सीवेज के लिए कोई प्रबंध नहीं किया गया है। अतिक्रमण अभियान चलाने के पहले यह व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए थी।
मुन्ना सोनी ने बताया कि ककवा मार्ग अमेठी की प्रमुख मार्केट है। अचानक से प्रशासन इतनी बड़ी कार्रवाई करने लगा है। हम व्यापारियों को समय देना चाहिए था। अब हमारी रोजी रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। उजाड़ने से पहले बसाने की कार्रवाई करनी चाहिए थी।
जगदीश सोनी ने बताया कि दो दर्जन व्यापारी इस अभियान में भूमिहीन हो जाएंगे। उनके व्यवसाय के साथ आशियाना भी नष्ट हो जाएगा। इस आपदा से सैकड़ो लोग परेशान होंगे। सभी को प्रशासनिक मदद दी जाए।
एसडीएम अमेठी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रशासन सभी के साथ है। जो व्यापारी अतिक्रमण हटाने में सहयोग कर रहे हैं, उन्हें बधाई। सभी लोग इस कार्य में पूरी तत्परता से लग जाएं, जिससे निर्माण कार्य शुरू हो सके।