फौजी को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
पारिवारिक रंजिश में चाचा ने भतीजे को लहूलुहान किया। घटना की जांच में पुलिस जुटी।
अमेठी : पारिवारिक रंजिश में मारपीट और तोड़फोड़ की गई। दबंग चाचा ने साथियों के साथ मिलकर फौजी भतीजे को सड़क पर दौड़ाकर पीटा और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस घटना की जांच कर रही है। घायल भतीजे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव पूरे पराग मजरे जमुवारी निवासी संजय यादव सेना में सिपाही हैं। एक सप्ताह पहले वह छुट्टी पर घर आए हैं। बुधवार सुबह करीब सात बजे फौजी की पत्नी से उसके चाचा सुरेशचंद्र यादव व संतोष कुमार आदि की किसी बात पर कहासुनी हो गई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर उस समय तो मामला शांत हो गया। लेकिन, बाद में चाचा सुरेशचंद्र व उसके कुछ साथियों ने भतीजे संजय कुमार को सिंडीकेट बैंक के करीब घेर लिया। आरोप है कि बोलेरो वाहन सवार चाचा ने फौजी भतीजे को सड़क पर दौड़ाकर बुरी तरह पीटा। ग्रामीणों के घटनास्थल पर पहुंचने पर हमलावर भाग निकले। ग्रामीणों ने गंभीर हालत में घायल फौजी को अस्पताल पहुंचाया। संजय यादव की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। अलीगंज चौकी प्रभारी इंग्लेश तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
सड़क पर पड़ी है क्षतिग्रस्त बाइक :
पुलिस ने घायल फौजी की क्षतिग्रस्त बाइक को छह घंटे बाद भी घटनास्थल से हटाना मुनासिब नहीं समझा और न ही गांव में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम करने की कोशिश की। दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज यादव ने कहा कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक हटाने के साथ प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।