तेज हवाओं ने बढ़ाई गलन, कांपे लोग
हवा ने बढ़ाई मुसीबत ठंड और बढ़ने का अनुमान। सूरज की तेज चमक के बाद भी पूरे दिन कायम रहा सर्दी का सितम।
अमेठी : तेज धूप भी मंगलवार को पूरे दिन लोगों को गलन से राहत नहीं दिला सका। तेज पछुआ हवाओं ने रात में गलन और बढ़ा दी है। मंगलवार को सुबह सूरज के दर्शन के साथ मौसम भी साफ हो गया है। धूप खिलने के बाद भी पछुआ हवाओं ने गलन को कम नहीं होने दिया, जिससे लोगों को खासी परेशानी हुई। कोहरा रोज के मुकाबले कम रहा पर शाम होते ही सर्दी ने सितम ढहाना शुरू कर दिया। लोग अपने घरों में कैद हो गए। सार्वजानिक स्थलों पर लोग अलाव का सहारा खोजते दिखे। बुधवार को मौसम और सर्द होने का अनुमान है। जिला प्रशासन ने सर्दी बढ़ने के साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों को अलर्ट रहने की हिदायत देते हुए सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था सही रखने का आदेश जारी किया है।
हवा का बहाव पूरे दिन तेज रहा। दस किलोमीटर प्रति घंटा से भी तेज रफ्तार से हवा पूरे दिन चली। जिससे गलन का प्रभाव धूप खिलने के बाद भी बना रहा। मंगलवार को सुबह आठ बजे के बाद आसमान में सूर्यदेव के दर्शन हुए।
जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि सभी तहसीलों में सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। जिला मुख्यालय के साथ ही जायस, अमेठी व मुसाफिरखाना में नगरीय प्रशासन की ओर से अलाव जलवाए जा रहे हैं। सभी तहसीलों में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं। ठंड से बचाव के लिए हर संभव उपाय किया गया है। सभी अधिकारियों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है।
खिली धूप तो खेतों में भी लौटी रौनक पर कम नहीं हुई गलन :
धूप खिली तो खेतों में भी रौनक लौट आई है। कोहरे से मुरझाए खेतों में भी हरियाली दिखने लगी है। किसान राम प्रसाद मिश्र व विनोद सिंह ने कहा कि कोहरा न पड़ने से फसल को लाभ है। धूप खिलने व मौसम साफ होने से जिन खेतों की सिचांई हुई थी। उनकी फसल भी ठीक है। तेज पछुआ हवा से गलन तो है पर खेतों की नमी भी तेजी से कम हो रही है।
बाजारों में भी दिखा सन्नाटा :
मौसम साफ होने व धूप खिलने के बाद भी गलन कायम होने के चलते बाजारों में सन्नाटा दिखा। गौरीगंज के साथ ही जायस, मोहनगंज, शाहमऊ, तिलोई, फुरसतगंत, बाबूगंज, अमेठी, भादर, मुंशीगंज, शाहगढ़, मुसाफिरखाना, पीपरपुर व संग्रामपुर में भी लोगों की भीड़ कम ही दिखी। सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा।
अलाव से दूर रहें मरीज :
वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि ठंड में रक्तचाप व डायबिटीज के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। दमा रक्तचाप और डायबिटीज के रोगियों को अलाव से दूरी बनानी चाहिए। अलाव से गर्मी के चलते रक्तचाप बढ़ सकता है। जल जाने से डायबिटीज के रोगियों को दिक्कत हो सकती है। वहीं, धुएं के चलते दमा के मरीजों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में इन लोगों को अलाव से दूर ही रहना चाहिए।