छात्रों के अधिकारों के लिए सड़क पर उतरी सपा
सपा नेताओं ने अनुसूचित जनजाति व अनुसूचित जाति के छात्रों के अधिकारों पर कुठाराघात करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।
अमेठी : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवाहन पर पूरे प्रदेश में महंगाई, शिक्षा, निजीकरण में भ्रष्टाचार एवं नष्ट रोजगार, आरक्षण, बेरोजगारी आदि मुद्दों पर सपाईयों ने भाजपा सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में सपाई एकत्रित हुए। सपाईयों ने भाजपा सरकार के विरोध में आवाज बुलंद करते हुए कहा कि अनुसूचित जनजाति व अनुसूचित जाति के छात्रों को बीएड में मिलने वाला निशुल्क प्रवेश पर रोक लगाने से उनके अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है। जिसका सपा पुरजोर विरोध करती है। सरकार पर आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगाया। सपा नेताओं ने कहा कि निशुल्क प्रवेश पर लगी रोक का आदेश सरकार तत्काल वापस ले। जिससे वंचित वर्ग के छात्रों के अधिकारों को संरक्षण मिल सकेगा। वहीं समाज के वंचित तबके के लोगों का संवैधानिक मूल्यों में भरोसा मजबूत होगा। प्रदर्शन करते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर अगर आदेश वापस नहीं लिया गया। तो सरकार के विरुद्ध सड़क पर उतर प्रदर्शन करने को बाध्य होगें। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी गौरीगंज संजीव कुमार मौर्य को सौंपा। इस मौके पर सपा छात्रसभा अध्यक्ष प्रदीप यादव, युवजन सभा जिलाध्यक्ष विजय यादव, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष अरुण यादव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष शमशाद खान, जयसिंह प्रताप यादव, डीके यादव, राजकुमार वर्मा, विनोद गुप्ता समेत सैकड़ों सपाई मौजूद रहे। वहीं कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए सीओ अमेठी पीयूषकांत राय समेत बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रही।