यातायात नियमों की जानकारी के अभाव में बढ़े सड़क हादसे
मार्ग दुर्घटनाओं से काल के गाल में समा रहे लोग जागरूकता की कमी कारण बन रही।
अमेठी : लोगों को कम समय में लंबी दूरी व सुगम यातायात मुहैया कराने के उद्देश्य से निर्मित बनारस-लखनऊ राजमार्ग हादसे बढ़ रहे हैं। दरअसल, यातायात नियमों की सही जानकारी नहीं होने के कारण लोग इस राजमार्ग पर हादसों का शिकार हो रहे हैं। इतना ही नहीं अब तक विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में कई लोग काल के गाल में समा चुके हैं।
क्षेत्र से गुजर रहे बनारस-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जामो मोड़ के साथ ही शहर से जुड़े अन्य मार्गो पर यहां अक्सर हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने यातायात व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। इसे लोगों की यातायात नियमों के बारे में अज्ञानता कहें या फिर विभाग की उदासीनता। बहरहाल, वजह कुछ भी हो, मगर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने अब तक कई परिवारों की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया है।
सीओ मनोज यादव ने बताया कि इन दिनों सड़क दुर्घटनाएं ज्यादा हो रही हैं, जिन पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। परिवहन विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर एक नजर :
19 नवंबर को हारीमऊ निवासी सुहेल (18) व शमशीर (12) की रोडवेज बस की टक्कर में मौत हो गई थी।
- 20 नवंबर को बाइक व टेंपो की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
- 22 नवंबर को पूरब गांव के पास दो बाइक की टक्कर में प्रवेश नाम के युवक की मौत हो गई थी।
---
यातायात नियमों की होनी चाहिए समुचित जानकारी :
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी को यातायात नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। कैसे रुककर सड़क को पार करना है। सड़क किनारे लगे संकेतक को देखकर ही चलें। इन सब की जानकारी के लिए परिवहन विभाग को समय-समय पर प्रशिक्षण देने की जरूरत है।