जो करेगा विकास की बात, वही जीतेगा जनविश्वास
टिकट को लेकर बढ़ी उत्सुकता तरह-तरह के लगा रहे कयास।
विनय तिवारी, जगदीशपुर(अमेठी) : जिले की जगदीशपुर विधान सभा सुरक्षित है। इस सीट से केवल कांग्रेस ने अपना पत्ता खोला है। बसपा, सपा व भाजपा ने अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। प्रत्याशी एलान में हो रही देरी को लेकर जनता में तरह- तरह के कयास लगाएं जा रहे हैं। वहीं बंद उद्योगों के संचालन के साथ विकास व रोजगार प्रमुख मुद्दे उभर कर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जो प्रत्याशी विकास की बात करेगा, वहीं जनता का विश्वास जीतेगा। मंगलवार को कस्बे के जामो मोड़ पर राकेश की दुकान पर चाय पीने आए लोगों में गर्म बहस चल रही थी। बात करने के दौरान लोगों को जोश देख मैं भी वहां ठिठक गया। पता चला कि यह बहस राजनीति को लेकर हो रही है। वहां चाय की चुस्की ले रहे लोग संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा करने में मशगूल हैं दावेदारों की अच्छाइयां व कमियां गिनाई जा रही थी। सपा, भाजपा व बसपा से दो- दो लोग टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। रानीगंज के सोनू ने कहाकि जो क्षेत्र का विकास करेगा अबकी बार वही हमारा विधायक बनेगा। उनकी बातों को काटते हुए शिव शक्ति धाम के शैलेन्द्र ने कहा कि भइया जो आता है केवल अपना विकास देखता है। क्षेत्र के विकास पर किसी का ध्यान नहीं रहता है। क्षेत्र में कई सड़कें खराब हैं, जो किसी को नहीं दिखाई देती। गूंगेमऊ के योगेंद्र सिंह ने कहा कि कोई काम एक दिन में नहीं हो जाता है। समय लगता है। अपने यहां ट्रामा सेंटर खुल गया। हाईवे निकल गया और क्या चाहिए। उनकी बातों को टोकते हुए राकेश ने कहा कि सड़क व ट्रामा सेंटर से पेट नहीं भरेगा। यहां लगभग सभी फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं। कोई इसे दोबारा चालू करने के बारे में नहीं सोच सका। फैक्ट्रियां चालू हो जाती तो कितने लोगों को रोजगार मिल जाता। वहीं संदीप यादव ने सभी की बातों का समर्थन किया तो इब्बन से रहा न गया उन्होंने कहा भइया ये सब तो बाद की बात है। पहले जो घर में खाने के लिए हो जाता था, वह सब जानवर खा ले जा रहे हैं। मवेशियों से फसलें चौपट हो रही हैं। यह समस्या किसी को नहीं दिखाई दे रहा है। इतने में गफ्फार बाबू बोल पड़े की अब बात कल फिर होई, चला घरे चला जाए।