एक चिकित्सक के सहारे महिलाओं की स्वास्थ्य व्यवस्था
जिले में नाक कान गले के नहीं कोई डॉक्टर जैसे-तैसे चल रही स्वास्थ्य व्यवस्था
अमेठी : जिले की महिलाओं के स्वास्थ्य का जिम्मा एक पुरूष महिला स्पेशलिस्ट चिकित्सक के भरोसे है। वहीं नाक कान गले के रोग का उपचार करने के लिए कोई डॉक्टर पूरे जिले में नहीं है।
जिले में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। सभी जरूरी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। जिससे मरीजों को हर सुविधा मुहैया हो सके। वहीं संयुक्त जिला अस्पताल में महज एक पुरूष महिला चिकित्सक डॉ. आरके सक्सेना के भरोसे पूरे जिले की महिलाओं के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी है। उनके सिवा जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में महिला स्पेशलिस्ट चिकित्सक नहीं हैं। जो महिला डॉक्टर हैं वो सिर्फ एमबीबीएस हैं। इतना ही नहीं नाक कान व गला रोग का इलाज करने के लिए एक भी योग्य डॉक्टर नहीं हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने कहा कि जल्द ही जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। जिस रोग के डॉक्टर नहीं हैं। उनकी तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।