आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों को वितरित किया गया पोषाहार
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सहयोग किया।
अमेठी : सरकार द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए तरह-तरह की योजनाएं चलाकर उन्हें रोजगार मुहैया कराने का प्रयास कर रही है। जिससे महिलाएं छोटे-छोटे कामों के जरिए अपनी आर्थिक स्थित मजबूत कर सकें।
इसी क्रम में शाहगढ़ विकास क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पोषाहार के रूप में गेहूं, चावल और दाल का वितरण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौजूदगी में समूह की महिलाओं ने लाभार्थियों को वितरित किया।
बाल विकास परियोजनाधिकारी ममता नाइक ने बताया कि क्षेत्र के लगभग सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों को पोषाहार में राशन का वितरण किया जा चुका है। जहां रह गया है जल्द ही वहां भी वितरण हो जाएगा। पोषाहार वितरण सही तरीका और निर्धारित मानक के अनुसार हो सके, इसके लिए विभाग अपने स्तर से जांच भी कर रहा है। शाहगढ़ मे ऊँ जय शंकर स्वयं सहायता समूह की सदस्य किरन सिंह, सोना देवी, भानुमती, अनुपम, ़खुशबू आदि ने कस्बे के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार का वितरण किया। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रतिमा सिंह, शकुंतला देवी व गिरिजा आदि मौजूद रहीं।
जलनिकासी की मांग :
भादर क्षेत्र की रामगंज गुड़ मंडी में जल भराव रहता है। जिससे लोगों को आने जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विकास अग्रहरि,लवकुश गुप्ता, हिमांशु कौशल, प्रदीप विश्वकर्मा आदि ग्रामीणों ने बीडीओ भादर से जल निकासी के लिए नाली का निर्माण करवाए जाने की मांग की है।
धड़ल्ले से दौड़ रहे डग्गामार वाहन :
फुरसतगंज में डग्गामार वाहन क्षेत्र में धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। फुरसतगंज से पोठई मार्ग पर नियम कानून को दर किनार कर क्षमता से अधिक सवारियां भरकर फर्राटा भरते हुए ऐसे वाहनों को कभी भी देखा जा सकता है। चालक वाहन में लोगों को ठूस ठूस कर भरते हैं। जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि वाहन चालक यात्रियों से मनमानी किराया वसूलते हैं। पुलिस जानकर भी अंजान बनी हुई है।