जमीन विवाद में धारदार हथियार से चाचा की हत्या
तीन भतीजों ने किया हमला। इलाज के दौरान घायल की मौत हुई। हत्या का मुकदमा दर्ज। एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
अमेठी : जमीन विवाद को लेकर परिवार के दो पक्षों में विवाद चल रहा था। ग्राम प्रधान ने पंचायत कर मामले में सुलह करा दी। इसी क्रम में बाजार से सब्जी खरीदकर शाम को लौट रहे चाचा पर भतीजों ने घर से करीब तीन सौ मीटर दूर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिवारीजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, इलाज के दौरान शनिवार देर रात चाचा ने दम तोड़ दिया। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर तीन हमलावरों के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
स्थानीय कोतवाली के गांव पर्वत का पुरवा निवासी सूर्यलाल मौर्य के घर के पीछे स्थित जमीन में चारों भाइयों का हिस्सा था, जिसको लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति है। शनिवार सुबह ग्राम प्रधान व अन्य लोगों ने पंचायत के जरिए मामले में सुलह समझौता करा दिया था। शाम को सूर्यलाल सब्जी लेने संभई चौराहा गए थे। आरोप है कि लगभग आठ बजे लौटते समय घर से लगभग तीन सौ मीटर दूर स्थित पीपल के पेड़ के पास भतीजे मंगलराम, संगमलाल व ओम प्रकाश मौर्य ने धारदार हथियार से चाचा सूर्यलाल पर हमला कर दिया।
स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सूर्यलाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसी क्रम में रात लगभग 12 बजे चिकित्सकों ने सूर्यलाल को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई राधेश्याम की तहरीर पर ओम प्रकाश, मंगल मौर्य व संगम मौर्य के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ओम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल ने कहा कि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है, जो कि जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।