बदमाशों का पीछा करते पलटी क्राइम ब्रांच की गाड़ी, तीन घायल
बदमाशों की आहट पाकर क्राइम ब्रांच दो हिस्सों में बंट गई। इसी बीच एक टीम को संदिग्ध लोगों का वाहन दिखाई पड़ा।
अमेठी : बदमाशों का पीछा कर रही प्रतापगढ़ क्राइम ब्रांच की गाड़ी संग्रामपुर थाने के नारायणपुर गांव में पलट गई। प्राथमिक इलाज के बाद वहां की पुलिस घायल सिपाहियों को लेकर चली गई। मंगलवार को क्राइम ब्रांच की टीम जनपद की सीमा पर अपराधियों को पकड़ने के लिए खड़ी थी। बदमाशों की आहट पाकर क्राइम ब्रांच दो हिस्सों में बंट गई। इसी बीच एक टीम को संदिग्ध लोगों का वाहन दिखाई पड़ा। टीम ने उसका पीछा किया। तभी गाड़ी संग्रामपुर थाने के नारायणपुर गांव में पलट गई। घटना में वाहन चालक सुरेश सिंह, जागीर सिंह और सत्यम कुमार घायल हो गए। मदद को आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल सिपाहियों को इलाज के लिए सीएचसी संग्रामपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल तीनों सिपाहियों को जिला अस्पताल प्रतापगढ़ ले जाया गया। सीओ अर्पित कपूर ने बताया कि क्राइम ब्रांच की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। प्राथमिक इलाज के बाद वह लोग प्रतापगढ़ चले गए हैं।
नीलगाय से टकराया बाइक सवार, मौत
संवादसूत्र, तिलोई (अमेठी): घर से अपने होटल जा रहे व्यवसायी की बाइक रास्ते में नीलगाय से टकरा गई। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिवारजन का रो रोकर बुरा हाल है।
मोहनगंज थानाक्षेत्र के पूरे मोहनलाल मजरे कोंची निवासी महेश पुत्र रामकिशुन (25) देर शाम घर से अपने होटल की तरफ जा रहा था। रास्ते में अचानक एक नीलगाय बाइक के सामने आ गई। जिससे वह टकरा गया। घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दौड़कर उसे उठाया और इलाज की व्यवस्था में जुट गए, लेकिन तब तक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। जिनके सर से पिता का साया उठ गया। इंस्पेक्टर विश्वनाथ यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सड़क हादसे में एक घायल
फुरसतगंज : ग्राम सभा खालिसपुर स्थिति गैस गोदाम के पास बाइक की टक्कर से रामू पुत्र राम मिलन (16) निवासी मजीठा पीढ़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। (संसू)