दस साल बाद भोजपुर गांव को मिली पेयजल आपूर्ति सुविधा
गांव में साढ़े चार किलोमीटर तक पाइप लाइन बिछाई गई। यांत्रिक खराबी 28 लाख रुपये खर्च कर दूर की गई।
अमेठी : भादर ब्लाक के भोजपुर गांव के लोगों को दस साल बाद घर-घर पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन के माध्यम से पाइप लाइन बिछाकर पेयजल सुविधा देने का प्रयास अंतिम दौर में है।
दरअसल, गांव में वर्ष 2009 में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी बनाई गई थी। गांव के 28 सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की सुविधा दी जा रही थी। तीन साल बाद टंकी में रिसाव और रखरखाव के अभाव में यांत्रिक खराबी आ गई। इससे परियोजना पूरी तरह बंद हो गई। दस साल बाद जल जीवन मिशन के तहत पेयजल परियोजना को चयनित किया गया। इसी क्रम में 28 लाख रुपये की लागत से पानी की टंकी की मरम्मत कराकर यांत्रिक खराबी दूर की गई है। गांव में साढ़े चार किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई। बिजली विभाग से पत्राचार कर विच्छेदित कनेक्शन जोड़ा गया। गांव के छह पुरवों में जलापूर्ति के लिए घर-घर को जोड़ा गया है। पूर्व में पांच पुरवों में जलापूर्ति होती थी। घोरहवा गांव में जलापूर्ति नहीं होती। यह पुरवा गांव से ढाई किलोमीटर दूर है। इस बार नई पाइप लाइन बिछाकर गांव को पेयजल योजना से जोड़ा गया है। इस पुरवे में चालीस घरों को जलापूर्ति होगी। विभाग की पर से पाइप लाइन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
कनेक्शन लेने से मना कर रहे लोग :
दस साल से पेयजल योजना बाधित होने के कारण इस बार कई कनेक्शन धारक कनेक्शन लेने से मना कर रहे हैं। निश्शुल्क कनेक्शन होने के बाद भी विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों को जागरूक करना पड़ रहा है।
इन पुरवों में होगी आपूर्ति :
दौलत का पुरवा, घोरहवा, भोजपुर खास, मल्लेपुर, भक्तेपुर पुरवों में जलापूर्ति होगी।
दो सौ घरों में शुरू हुई आपूर्ति :
गांव के छह पुरवों की तकरीबन 1800 की आबादी में 282 उपभोक्ताओं के घर पर कनेक्शन होगा। शुरुआती दौर में 200 उपभोक्ताओं को कनेक्शन देकर जल आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
जल्द पूरा होगा तय लक्ष्य :
अवर अभियंता जल निगम नीरज प्रजापति ने बताया कि भोजपुर गांव में जलापूर्ति शुरू हो गई है। पानी की टंकी की मरम्मत के साथ यांत्रिक खराबी को दूर किया गया है। दो सौ कनेक्शन धारकों तक आपूर्ति शुरू हो गई है। जल्द ही तय लक्ष्य के अनुसार सभी घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा।