छत पर सो रहे युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितयों में मौत
रविवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ते ही परिजन छत पर पहुंचे तो अरशद घायल अवस्था में पड़ा था।
अमेठी : थानाक्षेत्र के पूरे अल्हार मजरे भीखनपुर में घर की छत पर सो रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही कई थानों की फोर्स गांव पहुंच गई।
क्षेत्र के गांव निवासी अरशद (24 वर्ष) एक मुर्गी दाना कंपनी का वाहन चलाता है। वह शनिवार की शाम घर लौटा और भोजन करने के बाद अपने घर की छत पर सोने के लिए चला गया। रविवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ते ही परिजन छत पर पहुंचे तो अरशद घायल अवस्था में पड़ा था। परिवारजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में हैदरगढ़ के निकट युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही सीओ सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर छानबीन के बाद भी मौके पर कोई हथियार न मिलने पर किसी अन्य के द्वारा हत्या करने का अंदेशा जताया जा रहा है। पूछताछ में परिवारजनों ने किसी से रंजिश होने से इंकार किया। वहीं मृतक की मां रेहाना बानो ने पुलिस को तहरीर दी है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी संतोष सिंह ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।