शादी समारोह में भोजन करने के बाद 60 लोग बीमार
फूड प्वाइजनिंग से सात की हालत गंभीर अस्पताल में भर्ती। इलाज के लिए स्वास्थ्य टीम बिराहिमपुर गांव पहुंची।
अमेठी : शादी समारोह में भोजन करने के बाद कई लोग बीमार हो गए। फूड प्वाइजनिग की सूचना पर हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। वहीं, गंभीर हालत के चलते सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. आशुतोष दूबे ने भी बीमार लोगों का हालचाल लिया। बहरहाल, सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
बिराहिमपुर गांव निवासी अशोक कुमार की बेटी की शादी कोतवाली क्षेत्र के ही सीतारामपुर गांव निवासी अंगद के बेटे मोनू के साथ तय हुई थी। रविवार को बरात आई थी। विदाई के बाद देर शाम गांव के लोगों ने खाना खाया था। रात तकरीबन बारह बजे गांव के लोगों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत थी।
सोमवार सुबह राहत नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने एसडीएम महात्मा सिंह को घटना की जानकारी दी। एसडीएम ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके उपाध्याय को गांव में स्वास्थ्य टीम भेजने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद खाद्य विभाग को सूचित किया। इसी क्रम में खाद्य निरीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने गांव पहुंचकर भोजन के नमूने एकत्र किए।
जगरानी, सद्गुरु, सावित्री, चंपा, रामदेव, आदित्य व तारा की हालत गंभीर देखकर स्वास्थ्य कर्मचारी उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। इसी क्रम में विनोद कुमार, अशोक कुमार, भगवती, अमित कुमार, सोनाली, राजेश कुमार, सावित्री, हरिश्चंद्र, राधेश्याम, रामदेव, रामबरन, तारा देवी, संध्या, निर्मला, श्यामा, रामपति, सुभाष, मीना, साधना व आदित्य सहित 60 लोगों का इलाज किया गया। बरात पक्ष से कल्लू व गजोधर सहित दस लोग बीमार थे। इन लोगों ने गांव के आसपास प्राथमिक इलाज कराया।
अधीक्षक सीएचसी अमेठी डा. पीके उपाध्याय ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग का मामला है। टीम लेकर गांव गया था। सभी गांव के लोगों को ओआरएस वितरित किया गया है। सात लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। सभी की हालत अब ठीक है। गांव के लोगों के स्वास्थ्य की देखरेख के लिए एक टीम गांव में कैंप कर रही है। एसडीएम अमेठी महात्मा सिंह ने बताया कि सुबह दस बजे गांव के लोगों के बीमार होने की सूचना मिली थी। स्वास्थ्य टीम गांव में कैंप कर रही है, जिन लोगों की तबीयत ज्यादा खराब थी। उन सभी को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया है।