सो रहे लोगों को घर में बंद कर चोरों ने 11 लाख लूटे
तीन घरों से बीती रात चोर लाखों की कीमत का सामान चुरा ले गए। परिवारीजों को घटना की सुबह जानकारी हुई।
अमेठी : संग्रामपुर के कसारा और बदलापुर गांव के तीन घरों से बीती रात चोर लाखों की कीमत का सामान चुरा ले गए। कसारा गांव निवासी अंबिका प्रसाद द्विवेदी के घर बीती रात चोर खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। जिस कमरे में घर के लोग सो रहे थे। चोरों ने उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया। एक कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमे रखा दस हजार नकद और चार लाख का आभूषण चुरा ले गए। सुबह जब घर के लोग उठे तो बाहर से दरवाजा बंद मिला। आसपास के लोगों को बुलाकर कमरे को खोलवाया। जिसके बाद घर के लोग बाहर निकले।
दूसरी घटना में बदलापुर ग्राम प्रधान कृष्ण मोहन तिवारी के यहां चोर दीवार के सहारे घर में घुसे। जिस कमरे में घर के लोग सो रहे थे। उसको बाहर से बंद कर दिया गया था। प्रधान ने बताया घर में रखा चार लाख से अधिक सोने चांदी का आभूषण और बीस हजार नकद उठा ले गए।
प्रधान के भाई मदन मोहन तिवारी के यहां भी चोर लगभग तीन लाख कीमत का आभूषण चुरा ले गए। सभी लोगो ने मामले की शिकायत संग्रामपुर पुलिस से की है। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।