जाम से दिनभर रेंगते रहे वाहन
जिला मुख्यालय पर जाम की समस्या से नागरिकों को निजात नहीं मिल रही है।
अंबेडकरनगर: जिला मुख्यालय पर जाम की समस्या से नागरिकों को निजात नहीं मिल रही है। आए दिन लगने वाले जाम से वाहन चालकों के साथ दुकानदार भी आजिज आ चुके हैं। जाम के चलते दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इसका स्थाई हल निकालने में प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है।
शुक्रवार सुबह सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से अयोध्या मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बस स्टैंड, फव्वारा तिराहा, शहजादपुर, पहितीपुर मार्ग तक जाम लग गया। वैकल्पिक रास्ते की तलाश में शहजादपुर से बसखारी मार्ग जाने वाले दो पहिया वाहन चालकों ने शहजादपुर चौक की तरफ रुख किया तो उनके पीछे ई-रिक्शा वाले भी चल दिए। इससे अकबरपुर रेलवे स्टेशन को जाने वाली गली में भी जाम लग गया। हालात इस कदर बिगड़े कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। वाहन चालकों के बीच पहले निकलने की जल्दबाजी में मारपीट की नौबत आ पहुंची। यही आलम रोडवेज पर भी दिखा। यहां परिवहन निगम की बसें सड़क पर खड़ाकर चालक गायब रहे। इसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। चार पहिया से लखनऊ जा रहे राहगीर सुबोध तिवारी ने बताया कि आए दिन यहां जाम लगता है। इससे समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पाता हूं। जाम का कारण रोडवेज के निकट सड़क पर आड़ी तिरछी खड़ी होने वाली बसें व ई- रिक्शा बनते हैं। यातायात कर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद जाम खुल सका। यातायात प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वाहनों के दबाव बढ़ने से कुछ देर के लिए जाम लगा था। जिसे जल्द ही खुलवा दिया गया।