गणपति बप्पा मोरया के जयकारे के साथ थिरके श्रद्धालु
अंबेडकरनगर : गणेश महोत्सव की शुरूआत के साथ भक्तों पर भक्ति का सुरुर चढ़ने लगा है। भव्य
अंबेडकरनगर : गणेश महोत्सव की शुरूआत के साथ भक्तों पर भक्ति का सुरुर चढ़ने लगा है। भव्य पंडालों में गणपति के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ देर रात तक उमड़ रही है। श्रद्धालु गणपति बप्पा का दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। वहीं जगराते में भक्त देर रात तक भक्तिगीतों पर थिरकतें रहे। गणेश चतुर्थी के साथ शुरू हुए गणेश महोत्सव की रौनक बढ़ने लगी है। नगर से लेकर ग्रामीणांचल तक गणेश महोत्सव की धूम है। भव्य पंडालों में विराजमान गणपति बप्पा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। गत गुरूवार की शाम नगर के शहजादपुर एवं अकबरपुर में सजे पंडालों में दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। लोग गणपति बप्पा के दर्शन की आशीर्वाद मांगते रहे। पंडालों में रंग-बिरंगी लाइटें रात में शोभा बढ़ा रही थीं। वहीं चौक राजा समिति शहजादपुर चौक की ओर से जगराते का आयोजन किया गया। इसमें दुर्गा मां, हनुमान जी, भगवान शंकर पर झांकी निकाल कर कलाकारों द्वारा नाट्य मंचन किया गया। जगराते का शुभारंभ गणेश पूजा एवं आरती के साथ किया गया। गोंडा, बिहार तथा बलिया से आए कलाकारों के भक्तिगीतों की प्रस्तुति ने देर रात तक शमा बांधे रखा। देर रात तक भक्त भक्तिगीतों पर थिरकते रहे। इस दौरान श्यामजी गुप्त, अशोक चौहान, कृष्ण कुमार पांडेय, नितिन कसेरा, रामू आदि मौजूद रहे।