रैली निकालकर महिलाओं को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने जागरूक किया। एसपी ने पुलिस लाइन से झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
अंबेडकरनगर : महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा का अहसास कराने और मनचलों के मन में भय पैदा करने के मद्देनजर शनिवार को पुलिसकर्मियों ने बाइक रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। जिला मुख्यालय पर मिशन शक्ति के तहत एसपी ने हरी झंडी दिखाकर टीम को पुलिस लाइन से रवाना किया। देहात क्षेत्रों में भी रैली निकाली गई।
जागरूकता रैली में जिले के सभी 19 थानों से आईं दो-दो महिला सिपाही शामिल थीं। कमान मिशन शक्ति की नोडल सीओ भीटी रुकमणी वर्मा और सह नोडल महिला थानाध्यक्ष प्रियंका प्रांडेय ने संभाली। बाइक रैली में शामिल महिला सिपाही चौराहों के साथ भीड़भाड़ वाले इलाके में रुककर महिलाओं को मिशन शक्ति का उद्देश्य समझाने के साथ मनचलों से निपटने के तरीके भी बताती रहीं।
महिला सिपाहियों के हाथों में जागरूकता स्लोगन लिखी तख्तियां थी, जिन पर 'महिलाएं हैं देश की तरक्की का आधार, उनके प्रति बदलो अपने विचार', 'महिला अबला नही सबला है, जीवन कैसे जीना यह उसका फैसला है', 'नहीं सहना है अत्याचार, महिला सशक्तीकरण का यही है विचार', जब महिला में शक्ति होगी, तभी राष्ट्र की उन्नति होगी।' आदि नारों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर पटेल नगर, रोडवेज तहसील तिराहा, फव्वारा तिराहा, शहजादपुर बाजार, पहितीपुर तिराहे होते बसखारी मार्ग के रास्ते पुलिस लाइन पर समाप्त हुई।
इससे पूर्व रैली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा पुलिस आधी आबादी की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है। मिशन शक्ति के तहत शासन के निर्देश पर सभी थानों पर महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत हो चुकी है। एसपी ने कहा कि महिला हेल्प लाइन नंबर 1090, 181, 108, 1076, 112 व 1098 आदि टोल फ्री नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज कराने में किसी तरह क संकोच न करें।