स्कूल कर्मियों को टीका लगाने की तैयारी, एक और मिला पाजिटिव
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को लेकर सतर्क हुए सिस्टम ने इन दिनों खुल रहे स्कूलों के कर्मियों के टीकाकरण का मूवमेंट शुरू किया है।
अंबेडकरनगर: कोरोना की संभावित तीसरी लहर आने को लेकर सतर्क हुए सिस्टम ने इन दिनों खुल रहे स्कूलों में खतरे को टालने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अलावा 18 वर्ष के बच्चों एवं अन्य कर्मचारियों को टीका अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा। इसका खाका विभाग तैयार कर रहा है। पहली सितंबर से इस अभियान के शुरू होने की उम्मीद है। वहीं बुधवार को एक साथ दो संक्रमितों के मिलने के बाद गुरुवार को भी एक पाजिटिव मिला है। इससे स्वास्थ्य महकमे के कान खड़े हो गए हैं।
8056 लोगों को लगा टीका: गुरुवार को 11 केंद्रों पर कुल 36 बूथ संचालित किए गए। सभी अस्पतालों में युवाओं, महिलाओं की सुबह से ही भीड़ रही। यहां पर्याप्त जगह न होने से शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ती रहीं। अधिकांश लोग बिना मास्क नजर आए। लोगों को कई घंटों तक लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। सभी 11 केंद्रों पर लक्ष्य से कम टीकाकरण हुआ। निर्धारित लक्ष्य 8700 के सापेक्ष 8056 लोगों को टीका लगाया गया। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि बच्चों को बचाने के लिए अब स्कूलों पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 31 गांवों में भी टीकाकरण शिविर लगाया जाएगा।
36 बूथों पर हुआ टीकाकरण : अभियान के तहत 18 से 44 वर्ष वालों में 4656 को टीका लगाया गया। 45 से अधिक उम्र वालों में 1912 के साथ 957 को दूसरी डोज दी गई। अभिभावक केंद्र पर 301 और महिला स्पेशल केंद्र पर 230 को टीका लगाया गया।
दूसरे दिन भी मिला संक्रमित : गुरुवार को एक और संक्रमित मिला, जबकि कोई स्वस्थ नहीं हुआ। अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। तीन को होम आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि दो मरीजों का इलाज लखनऊ स्थित अस्पताल में चल रहा है।