संक्रमण बढ़ा, नौ माह की बच्ची समेत 30 पॉजिटिव
-एसबीआइ शाखा अकबरपुर की एक महिला कर्मचारी ओर मिली संक्रमित -जिले में अब तक 637 पॉजिटिव और 449 ने जीती कोरोना से जंग
अंबेडकरनगर : कोरोना वायरस का संक्रमण जिले में अब तेजी से पांव पसारने लगा है। रोजाना काफी संख्या में संक्रमित मिलने लगे हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में एक बार फिर एसबीआइ अकबरपुर शाखा की एक महिला कर्मचारी और उनकी नौ माह की बच्ची समेत कुल 30 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसमें अधिकांश महिलाएं ही शामिल हैं। जिले में अब कुल 637 मरीज जांच के दौरान पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें 449 पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने घरों को जा चुके हैं। जबकि 18 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को एक साथ 42 लोगों को एल-वन हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया। कोरोना के सामुदायिक संक्रमण का स्तर जांचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार जांच प्रक्रिया बढ़ा रही है। इसमें दो मोबाइल टीम के अलावा मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सभी सीएचसी पर नमूना एकत्र करने का निर्देश दिया गया है। जांच के बाद आई रिपोर्ट में कटेहरी ब्लॉक के खेमापुर में दो महिलाएं, जहांगीरगंज ब्लॉक के मैदनिया में तीन, लखनडीह में एक, अकबरपुर ब्लॉक के शाहजहांपुर में एक, इंद्रलोक कॉलोनी में एक, सब्जी मंडी अब्दुल्लापुर, सैदपुर में एक, सुलतानपुर जिले के एक, भियांव ब्लॉक के पक्खनपुर में एक, बसखारी के रामडीह सराय, रामनगर ब्लॉक के मंसूरगंज में एक संक्रमित मिले हैं। सभी को एकलव्य स्टेडियम के एल-वन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने के लिए केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है। सभी को क्वारंटाइन करने के साथ नमूना जांच के लिए भेजा जाएगा।
30 की स्क्रीनिग और 380 का भेजा नमूना : जिला चिकित्सालय में 30 की स्क्रीनिग की गई और यहां पर 55 लोगों का नमूना लिया गया। इसके साथ ही मोबाइल टीम ने 325 नमूना एकत्र किया। ट्रूनॉट से 30 तथा एंटीजेन से 1003 लोगों की जांच की गई।