केंद्रों पर नंबर किसानों को दे रहा टेंशन, दिन-रात लगा रहे चक्कर
जिले में धान की खरीद पूरी तरह बेपटरी है। आनलाइन टोकन समाप्त हो गया उसके बावजूद किसानों को सुविधा नहीं हुई।
अंबेडकरनगर: जिले में धान की खरीद पूरी तरह बेपटरी है। आनलाइन टोकन समाप्त होने के बाद केंद्रों पर मिलने वाले नंबर से किसान परेशान हैं। यूपीएसएस के केंद्र बंद होने से और नवीन मंडी सिझौली में मंगलवार तक नए किसानों की ट्राली लाने पर प्रतिबंध लगाने से अन्य केंद्रों पर आवक बढ़ गई है। इसके साथ ही पीसीएफ के केंद्रों पर 300 क्विंटल और खाद्य विभाग के केंद्रों पर 600 क्विटल धान रोजाना तौल कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश केंद्र पीसीएफ के हैं, इसलिए यहां किसानों की भीड़ है। विभाग का दावा है कि अभी तक लक्ष्य के सापेक्ष 65 फीसद से अधिक खरीद हो चुकी है।
धान खरीद शुरू हुए ढाई माह से अधिक का वक्त बीत चुका है। अब महज डेढ़ माह का समय शेष है, लेकिन अभी तक गिने-चुने किसानों का ही धान खरीदा जा सका है। उधर, विभागीय आंकड़ों के अनुसार 19330 किसानों से लक्ष्य का 65.63 फीसद खरीद पूरी हो चुकी है। वर्तमान समय में 72 केंद्रों पर खरीद की जा रही है, इसमें पीसीएफ के 40, खाद्य विभाग के 22, पंजीकृत सहकारी समितियों के नौ तथा एक केंद्र भारतीय केंद्र निगम का शामिल है।
महरुआ: सुबह दस बजे महरुआ गोला साधन सहकारी समिति पर सैकड़ों किसानों का भीड़ लगी थी। कुछ किसान धान बेचने आए थे, बाकी किसान खाद लेने। सचिव संदीप दुबे से पूछा गया कि खरीद क्यों नहीं हो रही है तो उन्होंने बताया कि यहां चार पल्लेदार हैं, एक के घर में मौत हो गई है। दो पल्लेदार हैं, दोपहर बाद धान की खरीद शुरू होगी।
सम्मनपुर : पलई के किसान सभापति ने बताया कि दो हफ्ते क्रय केंद्र का चक्कर लगाने के बाद नंबर आया है। राम सुंदर चौधरी ने बताया कि एक हफ्ता पहले क्रय केंद्र पर धान लेकर आए थे, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आ सका है। केंद्र प्रभारी राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि यहां बोरा आदि किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। सभी किसानों के धान की तौल की जा रही है।
बेवाना : खराब मौसम व ठंड के साथ ही क्रय केंद्र बेवाना पर धान की खरीद बहुत सुस्त रफ्तार से चल रही है। प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि खाद के लिए आने वाले किसानों को खाद भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके कारण तौल शुरू होने में देर हुई, लेकिन मौसम साफ होने के साथ तौल बढ़ रही है। दोपहर दो बजे तक लगभग 90 क्विंटल तक धान की खरीद की जा चुकी थी।