ग्रामीणांचल में तेज बारिश से धान की फसल गिरी
सुबह से काले बादल घुमड़ रहे थे। तेज बरसात को कहीं बूंदाबांदी हुई। तापमान में उतार-चढ़ाव से जनजीवन बेहाल रहा।
अंबेडकरनगर : शनिवार सुबह मौसम का मिजाज कुछ बदला रहा। छिटपुट स्थानों पर तेज-धीमी बारिश के अलावा रिमझिम फुहार पड़ी तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इसके बाद तापमान में कुछ गिरावट आई लेकिन, उमस बनी रही। जनपद का तापमान अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बादलों के छाये रहने और बारिश होने का अनुमान लगाया है।
महरुआ में शनिवार सुबह हुई बारिश से जहां लोगों ने उमस भरी भीषण गर्मी से राहत महसूस की। वहीं, धान की फसल गिरने से किसानों का काफी नुकसान हुआ है। आदमपुर तिदौली, बरामदपुर जरियारी, पांती, पतौना, मथानी, नसीरपुर व सिलावट आदि गांवों में तेज बारिश होने से खेतों में धान की फसल गिरी है। किसान संतोष प्रजापति, राजाराम मौर्य, शिवपूजन सिंह, रामगोपाल मौर्य आदि ने बताया बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
घाघरा नदी का 11 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर : टांडा में घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। हालांकि बाढ़ का खतरा टलने के साथ ही किनारों पर कटान की रफ्तार भी लगभग खत्म हो गई है। नदी खतरे के निशान से 1.420 मीटर नीचे बह रही है। शुक्रवार के सापेक्ष शनिवार को नदी के जलस्तर में 11 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। नदी का जलस्तर 24 घंटे में बढ़ कर 91.310 मीटर पर पहुंच गया। उप जिलाधिकारी अभिषेक पाठक ने बताया कि बाढ़ का खतरा टल चुका है। प्रभावित गांवों में फसलों के नुकसान का सर्वे भी पूरा होने वाला है। इसके बाद किसानों को लाभ दिया जाएगा।