किसानों, नौजवानों व बुनकरों के उत्पीड़न पर कांग्रेस ही कर रही संघर्ष
किसानों नौजवानों व बुनकरों के उत्पीड़न के विरोध में सिर्फ कांग्रेस ही संघर्ष कर रही है। अन्य विपक्षी दल सिर्फ बयानबाजी तक सीमित हैं।
संसू, जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर) : किसानों, नौजवानों व बुनकरों के उत्पीड़न के विरोध में सिर्फ कांग्रेस ही संघर्ष कर रही है। अन्य विपक्षी दल सिर्फ बयानबाजी तक सीमित हैं। यह बातें कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा ने जहांगीरगंज में गोष्ठी में कही। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ित न्याय के लिए दर-दर ठोकरें खा रहे हैं। किसानों पर अत्याचार किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस के अलावा कोई विपक्षी दल बोलने को तैयार नहीं है। रामप्रकाश गौतम ने कहा कि पीड़ितों की सुनवाई नहीं हो रही है। जिला महासचिव पुष्पलता, आशुतोष मिश्र, शिमला भारती, अब्दुल, सुभाष, निरजू राम ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता ब्लाक अध्यक्ष इरशाद अली व संचालन रामनगर ब्लाक अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने किया। पूर्व प्रधान अशोक कनौजिया के नेतृत्व में अरविद निषाद, रामपाल निषाद, किताबुद्दीन, अब्दुल सलाम, संगीता कनौजिया ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
रेंडमाइजेशन के तहत विधानसभा वार ईवीएम का हुआ आवंटन
संसू, अंबेडकरनगर: कलेक्ट्रेट स्थित एनआइसी हाल में बुधवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के समक्ष जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने यहां की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए ईवीएम का आवंटन किया। जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम का यह प्रथम रेंडमाइजेशन है। इस दौरान कंप्यूटर की मदद से जनपद में उपलब्ध ईवीएम को पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए आवंटित किया गया। इस प्रक्रिया से ईवीएम आवंटन की प्रक्रिया पर उठने वाले सवालों और आपत्तियों की आशंका को खत्म किया जाता है।
विशेष एप पर जनपद में उपलब्ध सभी ईवीएम के नंबरों की सूची को दर्ज किया जाता है। कंप्यूटर अपने आप इन मशीनों को सभी विधानसभा क्षेत्रों के बीच आवंटित कर देता है। इसके बाद कोई दल यह आरोप नहीं लगा सकेगा कि जानबूझकर कोई मशीन किसी विशेष विधानसभा क्षेत्र अथवा बूथ में भेजी गई है। जिले में कुल 2075 बूथ हैं। इनके लिए 3653 बैलेट यूनिट, 2753 कंट्रोल यूनिट तथा 2971 वीवीपैट का आवंटन किया गया। मतदान से ठीक पहले चुनाव पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में ईवीएम का दूसरे चरण का रैंडमाइजेशन कराया जाएगा। इस दौरान सीडीओ घनश्याम मीणा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार कन्नौजिया, एसडीएम सदर पवन जायसवाल समेत सभी पार्टियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।