संदिग्धावस्था में वृद्ध की मौत, जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष बोले प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पीएम के बाद वजह पता चलेगी।
अंबेडकरनगर : महरुआ थाना क्षेत्र के गांव सेहरा जलालपुर में बीती रात वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव निवासी राम सुभावन के घर बरही की पार्टी चल रही थी। इसी में शामिल होने राम नेवल (70) का पुत्र राम पूजन, पत्नी श्यामा देवी समेत घर के सभी लोग गए थे। राम नेवल घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। परिवारीजन के मुताबिक रात करीब 11 बजे जब वे घर वापस लौटे तो राम नेवल घर के सामने खड़ंजे पर बेहोश पड़े थे। उन्हें खून की उल्टियां हो रही थी। परिवारीजन इलाज के लिए महरुआ बाजार के एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। हालत गंभीर देख उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिवारीजन शव लेकर घर आ गए। ग्रामीणों के मुताबिक रात में मृतक के घर विवाद हुआ था। इसकी पुष्टि पुलिस ने भी की है। मृतक के पुत्र राम पूजन ने इसकी सूचना यूपी 112 के पुलिसकर्मियों को दी। इसी बीच गांव के किसी व्यक्ति ने ईंट से कूच कर उसकी हत्या किए जाने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम तथा एसडीएम भीटी को दी। हत्या की सूचना पर हरकत में आई पुलिस रात में ही घटनास्थल पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष शंभूनाथ ने बताया प्रथम ²ष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।