शोभायात्रा निकाल लक्ष्मी-गणेश मूर्ति का विसर्जन
नगर के बस स्टेशन शहजादपुर व पंहितीपुर मार्ग से शोभायात्रा निकली।
अंबेडकरनगर : दीप पर्व पर जगह-जगह स्थापित पूजा पंडालों में विराजमान मां लक्ष्मी व गणेश जी का विधिवत पूजन करने के बाद अब उनके विदाई का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को नगर के बस स्टेशन, शहजादपुर व पंहितीपुर में स्थापित मूर्तियों के विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न पूजा समितियों से जुड़े लोग डीजे की धुनों पर नाचते गाते हुए तमसा तट पर पहुंचे और परंपरा के अनुरूप देवी लक्ष्मी व गणेश जी की मूर्तियों का विसर्जन किया। इस दौरान खूब जयकारे भी लगाए गए। मूर्तियों के विसर्जन के लिए सोमवार को भी शोभायात्रा विभिन्न मुहल्लों से निकाली गई। सुरक्षा को लेकर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहे।
सतर्क रही पुलिस: अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पंहितीपुर बाजार में रविवार रात मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद के बाद सोमवार को पुलिस काफी सतर्क दिखी। विसर्जन से पहले शोभायात्रा में सीमित संख्या में श्रद्धालुओं के ही शामिल होने की इजाजत दी। कई जगह शोभायात्रा निकालने से रोकने की कोशिश की गई तो कइयों को डीजे बजाने से मना किया गया। इसे लेकर श्रद्धालुओं में रोष दिखा। लेकिन पुलिस ने बंदिशें जारी रखीं। संवेदनशील स्थानों से शोभायात्रा गुजरने के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
भक्तिमय वातावरण में लक्ष्मी पूजा महोत्सव का समापन : लक्ष्मी पूजा महोत्सव का सोमवार को भक्तिमय वातावरण में समापन हो गया। टांडा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में लक्ष्मी पूजा महोत्सव के दौरान पंडालों में स्थापित की गई मां लक्ष्मी, भगवान गणेश व मां सरस्वती की मूर्तियों से सुसज्जित शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच धूमधाम से निकाली गई।
विभिन्न स्थानों से होकर नगर के चौक घंटाघर पर पहुंची शोभायात्रा का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच केंद्रीय लक्ष्मी पूजा महासमिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके उपरांत मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए छज्जापुर मुहल्ले में स्थित राजघाट पर विसर्जन के लिए पहुंची। झॉकियों पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। मां लक्ष्मी व भगवान गणेश के जयकारों के उदघोष से समूचा क्षेत्र गुंजायमान होता रहा। टांडा के काजीपुरा, मीरानपुरा, हयातगंज, छज्जापुर आदि स्थानों से लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक मूर्तियों का विसर्जन हर्षोल्लास के साथ किया गया। शोभायात्रा में केंद्रीय लक्ष्मी पूजा महासमिति के अध्यक्ष विशाल मांझी, सुधीर अग्रहरि, आनंद कुमार सिधी, दशरथ मांझी, सुरजीत, सोनू आदि शामिल रहे।