रात से छाया कोहरा, दोपहर बाद खिली धूप
आधी रात के बाद छाया कोहरा सोमवार दोपहर तक हावी रहा।
अंबेडकरनगर: आधी रात के बाद छाया कोहरा सोमवार दोपहर तक हावी रहा। हालांकि इसके बाद धूप निकलने के साथ धुंध गायब होने लगी। इससे जनजीवन राहत महसूस कर रहा है। फिलहाल तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। तापमान अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने इस सप्ताह तापमान में तेजी से सुधार होने का अनुमान लगाया है।
बीते रविवार को सुबह से धूप खिलने के साथ आसमान साफ रहा। इससे कड़ाके की सर्दी से राहत मिली, लेकिन दोपहर बाद काले बादलों ने डेरा डालना शुरू किया तो मौसम ने करवट बदल लिया। हालांकि देर शाम तक आसमान साफ रहा, लेकिन गलन बढ़ने लगी थी। आधी रात के बाद कोहरे ने दस्तक दी और देखते ही देखते घना कोहरा हावी हुआ। इससे राहगीर रास्ते में फंस गए। कोहरे के बीच सड़क पर यातायात कच्छप चाल होता दिखा। सुबह होने पर भी घने कोहरे की बीच कुछ भी स्पष्ट नहीं दिख रहा था। प्रशासन और निकाय ने सर्दी को देखते हुए अलाव का इंतजाम तेज कर दिया है। लकड़ी खरीदकर चिन्हित स्थानों पर पहुंचाया गया। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से अलाव नहीं जल रहे हैं। हालात यह हैं कि कई बस्तियों में ठंड से बचने को आवश्यक प्रबंध न किए जाने से मजदूर और गरीब परिवारों के सामने जीवन का संकट बढ़ गया है। आमजन को समुचित राहत न मिलने की बात कही जा रही है। एसडीएम अकबरपुर मोइनुल इस्लाम ने बताया कि सर्दी से बचाव के लिए अलाव जलवाया जा रहा है। कंबल वितरण पहले ही कर दिया गया है। अलाव जलाने की हकीकत का जायजा लिया जाता है।