ग्राम सचिवालय निर्माण की जल्दबाजी से बढ़ रहे विवाद
-गांवों में आनन-फानन में शुरू हो रहा निर्माण -फरियादी अधिकारियों से लगा रहे न्याय की गुहार
अंबेडकरनगर : पंचायत चुनाव की आहट के बीच गांवों में सचिवालय निर्माण किए जाने की हड़बड़ी में नए विवाद उपजने शुरू हो गए हैं। नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण के प्रयत्न किए जा रहे हैं तो कहीं निर्माण कार्य शुरू करा दिए गए हैं। इससे पीड़ित ग्रामीण अधिकारियों के चौखट पर दस्तक दे रहे हैं। ग्राम पंचायत म़खदूम सराय में राजस्व अभिलेख में खेल मैदान के सार्वजनिक उपयोग की भूमि है जिसमें बच्चे खेला करते थे। ग्राम सचिवालय के निर्माण के लिए भूमि में स्थित पेड़ काट कर गिरा दिए गए। गांव में और भी भूमि है जिसका प्रबंध ग्राम पंचायत करती है। खेल के मैदान को सुरक्षित रखने के लिए एक निजी स्कूल की समिति के मंत्री बाबूलाल चौधरी अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। गांव पंचायत महुवारी में बंजर के खाते में अंकित भूमि पर अनुसूचित जाति के मंगल तकरीबन 30-40 साल तक काबिज रहकर उपयोग कर रहे थे। उनकी मौत के बाद परिवार के लोग काबिज हैं। मंगल भूमिधरी हक पाने के लिए मुकदमा किए थे। अब उनके भतीजे राम जगत लड़ रहे हैं। राम जगत को लेखपाल भूमि से कब्जा हटाने के लिए धमका रहा है। राम जगत ने उपजिला अधिकारी अभिषेक पाठक से गुहार लगाई। उन्होंने नायब तहसीलदार को जांच सौंपी है।