विरोध न करने पर बढ़ जाता अपराधियों का मनोबल
मिशन शक्ति के तहत महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पतालों स्कूल कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम के तहत पुलिस ने बताया कि बेजा हरकत का विरोध न करने पर अपराधियों के हौसले बुलंद हो जाते हैं।
अंबेडकरनगर : मिशन शक्ति के तहत महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, अस्पतालों, स्कूल, कॉलेजों तथा थानों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अधिकारियों के साथ पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रचलित अपराध के बारे में बताया। एसपी के निर्देश पर अभियान की नोडल सीओ भीटी एवं सहायक नोडल थानाध्यक्ष प्रियंका पांडेय ने महिला अपराध के संबंध में महिलाओं को जागरूक किया।
छात्रा नम्रता रहीं अव्वल : पुलिस लाइन सभागार में विभिन्न स्कूलों से चयनित छात्राओं के बीच पुलिस हमारी मित्र नामक विषय पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विजयी प्रतिभागियों को एसपी आलोक प्रियदर्शी ने प्रशस्ति पत्र पेन और डायरी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज टांडा की छात्रा नम्रता को मिला। इसमें बाबा बरुआदास इंटर कालेज परुइया आश्रम जलालपुर, जय बजरंग इंटरमीडिएट कालेज रामनगर आलापुर, मिश्रीलाल आर्यकन्या इंटर कालेज टांडा, बीएन इंटर कालेज अकबरपुर की छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
बेजा हरकत का करें विरोध :
इल्तिफातगंज : मिशन शक्ति में इब्राहिमपुर थानाक्षेत्र के बीआरवी इंटर कॉलेज में छात्राओं को नारी सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इब्राहिमपुर थाने के उप निरीक्षक व एंटी रोमियो प्रभारी विनय कुमार सिंह ने छात्राओं को महिला सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। वूमेन पावर लाइन 1090, एंटी रोमियो स्क्वायड, ट्वीटर सेवाओं, महिला सम्मान व महिला सुरक्षा आदि की जानकारी दी। कहा कि लड़कियों को यदि कोई भी परेशान करे तो इसका विरोध करें। विरोध न करने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है। विद्यालय प्रबंधक राम आशीष वर्मा ने कहा कि विद्यालय की छात्राएं किसी भी समय अपनी समस्या विद्यालय प्रबंधक को बता सकती है। इस अवसर पर कांस्टेबल रीता देवी, स्गुप्ता खान कांस्टेबल विजय प्रताप सिंह विद्यालय के अध्यापक दिवाकर सागर ,मुकेश कुमार, देवेंद्र मणि वर्मा, आशाराम, रणजीत कुमार, सुमन वर्मा, साधना वर्मा सरोज, हेमावती व विद्यालय के प्रधान लिपिक विकास वर्मा सहित समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
नारी सुरक्षा संगोष्ठी : पंडित रामलखन शुक्ल राजकीय पीजी कॉलेज परिसर में मिशन शक्ति कार्यक्रम के पांचवें दिन बुधवार को नारी सुरक्षा विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जहांगीरगंज थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने बताया कि नारी सुरक्षा सर्वोपरि है। कहा छात्राएं मोबाइल फोन एवं सोशल साइट का प्रयोग बेहद सावधानी से करें। किसी भी अनजान के संपर्क में जाने से बचें। आपात स्थिति में 112 डायल कर मदद ले सकती हैं। कार्यक्रम में प्राचार्य डा. जेबी सिंह, वीरेंद्र कुमार मौर्य, डॉ. रीता सिंह ,डा. वीरेंद्र यादव ,डॉ. लालजीत राम , डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. दिलीप कुमार सिंह समेत महिलाएं एवं बालिकाएं मौजूद रहीं।