आठ घंटे बिजली गुल रही, 20 हजार लोगों ने झेली दिक्कत
बैरमपुर बरवा स्थित 132 केवीए के फीडर में फाल्ट से आपूर्ति रही बाधित। पेयजल के साथ नहाने-धोने को तरसे नगरवासी।
अंबेडकरनगर : गर्मी के मौसम में लगातार आठ घंटे बिजली गायब रहने से 20 हजार की बड़ी आबादी को जबर्दस्त दिक्कत झेलनी पड़ी। लोग पेयजल के साथ नहाने-धोने के लिए तरस गए। सुबह नौ बजे गुल हुई बिजली शाम पांच बजे के बाद बहाल हो सकी। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अकबरपुर फीडर के बैरमपुर बरवा स्थित 132 केवीए में फाल्ट आने से यह दिक्कत पैदा हुई।
अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के बैरमपुर बरवा स्थित 132 केवीए के फीडर में अचानक शार्ट सर्किट होने से केबल जल गया। इस फीडर से जिला मुख्यालय समेत पहितीपुर क्षेत्र की 20 हजार से ऊपर की आबादी को आपूर्ति की जाती है। फाल्ट होने से आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। विभाग को इसकी जानकारी दो घंटे बाद सुबह 11 बजे उपभोक्ताओं के फोन घनघनाने पर हुई। अधिकारियों के हरकत में आने के बाद संबंधित क्षेत्र के जेई और लाइनमैन ने फाल्ट का पता लगाया। कर्मचारी केबल की मरम्मत में जुटे रहे, जिसे दुरुस्त करने में शाम के पांच बज गए। इसके बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
एसडीओ सज्जाद आलम ने बताया कि 132 केवीए की केबल जल गई थी। इसके चलते नगर समेत पहितीपुर की आपूर्ति कई घंटे बाधित रही। फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
गृहणियों को झेलनी पड़ी दुश्वारियां :
सुबह नौ बजे बिजली गुल होने से सबसे ज्यादा परेशानी गृहणियों को उठानी पड़ी। मीरानपुर की संगीता वर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल बंद हैं। इसलिए दिनचर्या में बदलाव आया है। बच्चे सुबह देर से सोकर उठते हैं। नाश्ता बनाने के बाद साफ-सफाई करने में ही पानी की टंकी खाली हो गई। इसके बाद पड़ोस के हैंडपंप से पानी लाकर घर का अन्य कार्य निपटाना पड़ा। राधेश्याम यादव ने बताया कि बिजली विभाग लापरवाह हो गया है। काम पड़ने पर अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों का फोन ही नहीं उठता। लाइट जाने पर पानी की व्यवस्था के लिए हैंडपंप पर लाइन लगानी पड़ती है।