गुरुजनों के चरणों की वंदना कर किया दान-पुण्य
गुरु पूर्णिमा पर सरयू में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी.सत्यनारायण भगवान की कथा सुनी चढ़ाया गया हलवा-पूड़ी.
टांडा (अंबेडकरनगर) : घाघरा के लहरों के संग आस्था की लहरे हिलोरे लेती दिखी। कोरोना महामारी पर आस्था भारी रही। गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओ ने सरयू तट स्थित हनुमानगढ़ी घाट पर स्नान, पूजन-अर्चन किया। विग्रहों के दर्शन कर अन्न-वस्त्र का दान-पुण्य किया। गुरु पूर्णिमा पर सुबह श्रद्धालु सरयू तट हनुमानगढ़ी घाट पहुंचे। यहां स्नान व पुष्प अर्पित कर पूजन-अर्चन किया। हलवा-पूड़ी बनाकर समर्पित किया व सत्य नारायण की कथा सुनी। हनुमानगढ़ी मंदिर में विग्रहों के दर्शन कर गरीबों को अन्न वस्त्र दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। नगर के उदासीन आश्रम में गुरु चंद्रदेव समेत गुरुओं का स्मरण करते हुए पूजन-अर्चन किया गया। बड़ा फाटक उदासीन आश्रम के महंत चंद प्रकाश त्रिपाठी ने कहा गुरु ही अंधकार से निकाल कर सत् मार्ग को प्रकाशित कर ईश्वर तक पहुंचने की राह दिखते हैं। नगरपालिका निकट उदासीन आश्रम हनुमान मंदिर में भी विविध पूजन कर्म के साथ गुरुओं का स्मरण व पूजन किया गया। महंत बाबा दीन दयाल दास ने गुरुओं को अंग वस्त्र दान किया। विद्युतनगर : छज्जापुर राजघाट, मुबारकपुर डुहियां स्थित महादेवा घाट श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। प्राचीन मान्यताओं के अनुरूप घाट पर श्रद्धालुओं ने पावन पवित्र सरयू में आस्था की डुबकी लगाई। इसके पश्चात सूर्य देव को अर्घ्य दिया।