चहुंओर जय श्रीराम की गूंज
हिदू धर्म के आस्था विश्वास व स्मिता के प्रतीक भगवान श्रीराम जन्म भूमि पर मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास कार्यक्रम पर भाजपा कार्यालय में सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर खुशियां मनाई।
अंबेडकरनगर : मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन के पावन अवसर पर धर्म नगरी अयोध्या के साथ अंबेडकरनगर में आस्था का उल्लास हिलोरे मार रहा था। इस स्वर्णिम व ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए कहीं हुनमान चालीसा तो कहीं सुंदरकांड का पाठ चल रहा था। यह नजारा शहर से लेकर गांव तक का था। जैसे ही शिलान्यास हुआ लोग खुशी से झूम उठे और जय श्रीराम का नारा लगाते हुए सड़क पर उतर गए। कोई पटाखे छोड़ रहा था तो कोई मिठाई वितरण कर एक-दूसरे को बधाई दे रहा था। हाथ में भगवा ध्वज लहराते लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यूं तो जगह-जगह गुब्बारा, भगवा झंडा आदि से सजावट की गई थी। मंदिर आंदोलन के प्रतिभागी रहे लोग अपनी खुशी खास अंदाज में मनाने की तैयारी में जुटे थे। सुबह से भूमि पूजन के ऐतिहासिक पलों को अपनी आखों में कैद करने को हर कोई आतुर दिखा है। नगर के शहजादपुर में कृष्ण कुमार बंका व इंद्रलोक कॉलोनी में वरिष्ठ भाजपा नेता रमाशंकर सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भारती सिंह अपने परिवार के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम को टीवी पर देख रहे थे। कार्यक्रम संपन्न हुआ तो लड्डू का वितरण घूम-घूमकर किया। लड्डू वितरण में विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू, विवेक सिंह आदि भी थे।भाजपा नेता डॉ.रजनीश सिंह ने भूमि पूजन के अवसर पर मिठाई का वितरण किया। वरिष्ठ नेता अवधेश द्विवेदी ने इस ऐतिहासिक क्षण के लिए देशवासियों को बधाई दी। शहजादपुर में भाजपा नेता मनोज कुमार गुप्त गुड्डू के नेतृत्व में भगवा लहराकर जश्न मनाया गया। यहां पटाखे भी छोड़े गए। यहां ज्ञानचंद मोदनवाल, राम अशीष मिश्र, वृजेश गुप्त समेत अन्य लोग मौजूद थे। दोस्तपुर रोड पर शिवम सिंह के नेतृत्व में मिठाई का वितरण किय गया।भाजपा कार्यालय में सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर खुशी मनाया गया। जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा ने कहा भगवान श्रीराम की जन्म स्थली पर मंदिर निर्माण के लिए हिदू समाज के लोगों ने जो त्याग और बलिदान दिया है, उनका सपना साकार हो रहा है। महामंत्री मिथिलेश त्रिपाठी, बाबा रामशब्द यादव, दीपक तिवारी, रितु बहल मनीष तिवारी, कमलेश मौर्य, उपमा पांडेय, रवि सिंह चौहान आदि शामिल रहे।
आलापुर : भाजपा नेता दिनेश पांडेय ने अल्पसंख्यक बाहुल्य गांव जहांगीरगंज, नरियांव मामपुर सहित तमाम लोगों को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। आलापुर तहसील परिसर में स्थित राम जानकी मंदिर पर अधिवक्ताओं ने पूर्व अध्यक्ष जगन्नाथ मिश्र की अध्यक्षता तथा पूर्व अध्यक्ष सुनीत द्विवेदी की अगुवाई में रामचरित मानस पाठ किया गया। इसके बाद मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। महरुआ : क्षेत्र के गांव आदमपुर तिदौली में समाजसेवी राजदेव सिंह (सब्लू) ने लोगों को लड्डू बांट कर खुशी का इजहार करते हुए जय श्री राम का लगाया नारा।