प्रतापगढ़ में भतीजे के मुंडन संस्कार से लौटते समय बाइक पेड़ से भिड़ी, युवक की मौत, पिता अस्पताल में भर्ती
चौकी इंचार्ज सूर्य प्रताप सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया. लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रंजीत की सांसें थम गई। पिता आद्या प्रसाद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रंजीत की मौत से स्वजन बेहाल है।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में कंधई थाना क्षेत्र के मौलानी गांव के पास अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक सवार बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के दमड़ी दुकरा गांव निवासी आद्या प्रसाद सिंह (62) के बेटे कमला सिंह के लड़के का शुक्रवार को बेल्हा देवी मंदिर पर मुंडन संस्कार कार्यक्रम था। उसी मुंडन संस्कार में शामिल होने आद्या सिंह अपने छोटे बेटे रंजीत सिंह (24) के साथ शुक्रवार सुबह बेल्हादेवी मंदिर पर गए थे। वहां से आद्या सिंह बेटे रंजीत के साथ बाइक से दोपहर लगभग दो बजे घर लौट रहे थे। रास्ते में पट्टी-चिलबिला मुख्य मार्ग पर कंधई थाना क्षेत्र के मौलानी गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे शहतूत के पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे दीवानगंज चौकी इंचार्ज सूर्य प्रताप सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया. लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रंजीत की सांसें थम गई। पिता आद्या प्रसाद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रंजीत की मौत से स्वजन रो-रोकर बेहाल है। एक झटके में मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
रंजीत चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह सूरत (गुजरात) में प्राइवेट नौकरी करता था। साल भर पूर्व कोरोना महामारी में लाकडाउन होने पर घर चला आया था। तब से वह घर पर ही रहता था।