प्रतापगढ़ के युवक की गोली मारकर हत्या हुई थी, पत्नी की भूमिका संदिग्ध Prayagraj News
गोली मारकर हत्या के बाद एक युवक की पिछले दिनों थरवई में लाश फेंकी गई थी। उसकी पहचान प्रतापगढ़ के परिजनों ने की है। बताया कि मुंबई में नौकरी करता था। इन दिनों घर आया था।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज जनपद के थरवई इलाके में पांच दिन पूर्व गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई थी। उसकी लाश मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही थी। जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। छानबीन में पुलिस को पता चला है कि प्रतापगढ़ के इस युवक की हत्या में उसकी पत्नी का हाथ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही कातिल पकड़ लिए जाएंगे।
थरवई में सड़क किनारे कंबल में लिपटी युवक की मिली थी लाश
पांच दिन पहले थरवई में प्रतापपुर गांव के पास सड़क किनारे तकरीबन 30 साल के युवक की लाश मिली थी। कंबल में लिपटे रक्तरंजित शव की पहचान नहीं हो सकी थी। तीन रोज तक शिनाख्त का इंतजार कर रही पुलिस के पास पहचान करने कोई नहीं आया। इस पर बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि युवक की हत्या सिर पर गोली मारकर की गई थी। फिर शव को कंबल में लपेट किसी गाड़ी में लाकर वहां फेंका गया था।
मुंबई में नौकरी करने वाला युवक प्रतापगढ़ अपने घर आया था
पोस्टमार्टम और अंत्येष्टि के बाद गुरुवार को प्रतापगढ़ में रहने वाले एक परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। साथ ही परिवार के सदस्यों ने आकर मरने वाले युवक की शिनाख्त की। थरवई थानाध्यक्ष कुलदीप तिवारी ने बताया कि युवक के परिजनों से बातचीत करने के बाद और प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह युवक मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह मुंबई से घर आया था। इसी दौरान उसका कत्ल कर दिया गया। पुलिस की जांच में उसकी पत्नी पर शक गहराया है। कॉल डिटेल से सुबूत जुटाए जा रहे हैं। कातिलों के बारे में भी कुछ सुराग मिले हैं। जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।